इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, महोबा जनपद के खीरूही खमरिया निवासी रामरती (50) पत्नी घनश्याम अपने बेटे के साथ मौदहा कस्बे के मंगीपुरवा स्थित रामेश्वर धाम मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे में शामिल होने आई थीं. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे तभी करहिया गांव के पास अचानक रामरती चलती बाइक से फिसलकर सड़क पर गिर गईं. इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
आसपास मौजूद लोगों की मदद से महिला को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस सीएचसी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. परिवार के पास केवल दो बीघा जमीन है और मजदूरी कर भरण-पोषण किया जाता है.















Leave a Reply