इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर में गुरूवार रात बेतवा पुल पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के गिरने के बाद 6 मजदूरों की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यदायी कंपनी ‘द सेल्टर’ कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है.
CO सदर राजेश कमल ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप कुमार ने कार्यदायी कंपनी द सेल्टर कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. द सेल्टर कंपनी का मालिक विजय प्रताप सिंह है. पुलिस ने धारा 125-1 और धारा 106 -1 के तहत FIR दर्ज की है. FIR जनपद के थाना कुरारा में दर्ज की गई है.




राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप कुमार द्वारा दी गई तहरीर में कंपनी पर लापरवाही का लगाया गया है. मालूम हो इससे पहले सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी पर निलंबन व डीपीएम दिलीप कुमार पर विभागीय कार्यवाही के आदेश पहले ही दिए जा चुके है,
सुरक्षा मानकों का नहीं हुआ पालन? पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कमल का कहना है कि प्राथमिकी में निर्माण कार्य करा रही कंपनी मेसर्स द शेल्टर, कंपनी के मालिक विजय प्रताप सिंह निवासी कानपुर और सुपरवाइजर नितीश सचान को नामजद किया गया है. हादसे के वक्त पुल पर बेयरिंग लगाने, केबलिंग और कसाव से जुड़ा काम चल रहा था. यह निर्माण प्रक्रिया बहुत संवेदनशील और जोखिमपूर्ण मानी जाती है. कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं करने का आरोप है.
अधिकारियों पर लगे ये संगीन आरोप: निर्माण स्थल से जुड़े लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नियमित रूप से मौजूद नहीं थे. महत्वपूर्ण कार्य मजदूरों और साइट स्टाफ के भरोसे संचालित हो रहा था. हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर मौसम विभाग और राहत विभाग की ओर से पहले ही आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया था तो निर्माणाधीन हिस्से को अतिरिक्त सुरक्षा क्यों नहीं दी गई. साथ ही जिस सेगमेंट पर काम चल रहा था, उसे पूरी तरह सुरक्षित किए बिना रात भर छोड़ने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया. यह भी जांच का विषय है.
हादसे में 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत: सीएम योगी की सख्ती के बाद राज्य सेतु निगम ने सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया है. उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं. शासन स्तर पर गठित जांच समिति तकनीकी, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि हादसे में लोकेन्द्र, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत, पुष्पेंद्र चौहान और राजेश पाल की मौत हो गई. जबकि, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
















Leave a Reply