पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ममता बनर्जी के भतीजे और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी निशाने पर आ गए. हुगली में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब कल्याण बनर्जी पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया.
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की के बीच उनके साथ मारपीट की गई. घटना के दौरान एक पत्थर उनके सिर पर आकर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा. हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों और सैन्य जवानों ने हस्तक्षेप किया. जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला. हमले में घायल हुए कल्याण बनर्जी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. फिलहाल उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
BJP बोली ड्राम कर रहे हैं TMC सांसद: बीजेपी और टीएमसी के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि घटना के दौरान उन्हें चोट लगी, लेकिन बीजेपी ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि कल्याण बनर्जी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह इस मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं. पार्टी का आरोप है कि यह सब लोगों का ध्यान दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों, खासकर अभिषेक बनर्जी से जुड़े विवादों से हटाने की कोशिश है, जिसके लिए टीएमसी सांसद ड्रामा कर रहे हैं.
पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए ज्ञापन देने पहुंचे थे बनर्जी: तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी सोमवार को हुगली जिले के चंदिताला थाने पहुंचे थे. उनका उद्देश्य हिरासत में लिए गए पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपना था. इसी दौरान वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उनका विरोध शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध कर रहे लोगों ने कल्याण बनर्जी को चारों तरफ से घेर लिया, काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई.
TMC का आरोप BJP कार्यकर्ताओं ने किया हमला: घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन सुनियोजित था और इसके पीछे BJP कार्यकर्ताओं का हाथ है. पार्टी समर्थकों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है. सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व पहले से ही सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़ी हालिया घटना को लेकर नाराज था, ऐसे में कल्याण बनर्जी के साथ हुई इस घटना ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है.













Leave a Reply