कानपुर के श्यामनगर में एक दिन पहले कार की टक्कर से बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत के मामले में आक्रोशित परिजनों ने हंगामा करते हुए जीटी रोड पर जाम लगा दिया. परिजनों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और राहगीरों को निकलने तक नहीं दिया.

कई घंटे तक चले हंगामे के बाद अचानक यहां मौजूद भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई. पुलिस ने हालात संभालते हुए पथराव कर रही भीड़ पर लाठियां चलाकर उसे खदेड़ा. पथराव करने में पुलिस ने कुछ लोगो को हिरासत में भी लिया है.

आपको बता दें कि एक दिन पहले श्यामनगर में रॉन्ग साइड से आ रही कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को रौंद दिया था, इस हादसे में बजरंग दल कार्यकर्ता अभय शुक्ल की मौत हो गई थी. जबकि उसका साथी अनिकेत अभी भी जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है. स्थानीय लोगों ने जब आरोपियों की कार का पीछा किया तो कई राहगीरों को टक्कर मारते हुए वह घर पहुंच गए. हालांकि, पुलिस ने सभी को पकड़ लिया. इसके बाद सोमवार को हंगामा और नारेबाजी करते हुए परिजनों के साथ मोहल्ले के तमाम लोग जीटी रोड पर आ गए और जीटी रोड के साथ शिवकटरा जाने वाले रास्ते पर आवागमन ठप कर दिया.

परिजनों का आरोप था कि कल एक्सीडेंट होने के बाद भी मृतक का शव पोस्टमॉर्टम कराकर नहीं दिया गया.जब जीटी रोड पर जाम लगाया गया तब मृतक का शव मिला. परिजनों पर आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग करने के साथ पीड़ित परिवार के लिए 20 लाख मुआवजे की मांग की. वहीं, जीटी रोड जाम और पथराव की जानकारी पाकर मौके पर डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार भी पहुंच गए.
















Leave a Reply