वियतनाम में बड़ा हादसा: पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत

Spread the love

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई. इस घटना की जानकारी वियतनाम में भारतीय दूतावास ने दी है. बताया जा रहा है कि नाव पर 32 लोग सवार थे. दूतावास के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से खोज और बचाव अभियान जारी है. फिलहाल घटना से जुड़ी सभी जानकारी स्थानीय अधिकारियों से जुटाई जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसपास मौजूद अन्य नौकाओं ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को पानी से बाहर निकालना शुरू किया. इसके बाद सीमा सुरक्षा बल, नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य बचाव एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं. हालांकि, ऊंची लहरों और कई लोगों के नाव के अंदर फंसे होने के कारण बचाव अभियान काफी कठिन रहा. अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. फिलहाल, नाव पलटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा, “एक दुखद घटना में भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही नाव वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पलट गई है.” भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और हनोई स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं. दूतावास ने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए लोग इन कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं.

कंट्रोल रूम से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है- +84362817930 +84915523714 +84334520414 +84913089165 (हनोई)

बता दें कि भारत से हर साल वियतनाम घूमने जाने वाले पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. 2023 में लगभग 3,92,000 भारतीय पर्यटक वियतनाम पहुंचे, जो 2019 की तुलना में तीन गुना अधिक था. 2024 में यह संख्या करीब 5 लाख तक पहुंच गई, जिससे भारत वियतनाम का आठवां सबसे बड़ा पर्यटन बाजार बन गया. सस्ती उड़ानें, ई-वीजा सुविधा, खूबसूरत समुद्र तट और सांस्कृतिक समानताएं भारतीयों को आकर्षित करती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *