राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज में शुक्रवार दोपहर 12:39 बजे एक कार ने तीन साल के बच्चे को कुचल दिया. बच्चा किसी बात पर जिद कर सड़क पर लेट गया था. इसी दौरान पीछे से आ रही कार उसे कुचलते हुए आगे निकल गई.
हादसा झूंसी थाने से करीब 200 मीटर दूर हुआ. इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में दिख रहा है कि कार बच्चे को कुचलने के बाद भी बिना ब्रेक लगाए आगे बढ़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान कर तलाश की जा रही है.
झूंसी के चमनगंज निवासी राजकुमार ग्रीन पार्क के पास परिवार के साथ रहते हैं. उनके तीन बेटे हैं। राजकुमार मजदूरी करते हैं. शुक्रवार दोपहर उनका तीन वर्षीय बेटा अभिषेक दोनों भाइयों के साथ पास के नल से पानी लेने जा रहा था.
ग्रीन पार्क के पास पेट्रोल पंप के सामने चलते समय दोनों भाई आगे निकल गए, जबकि अभिषेक जिद में सड़क पर लेट गया. तभी पीछे से आ रही कार उसके ऊपर से गुजर गई. कार का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना: पास की किराना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में दिख रहा है कि सर्विस रोड पर तीन बच्चे जा रहे थे. खेल-खेल में एक बच्चा सड़क पर लेट गया. उसी समय करीब 10 मीटर पीछे चल रही कार बिना रफ्तार कम किए उसके ऊपर से गुजर गई. चालक ने न ब्रेक लगाया और न ही गाड़ी रोकी. हादसे के बाद पीछे आ रहा एक बच्चा दौड़कर पहुंचा और घायल अभिषेक को गोद में उठाकर सड़क किनारे ले गया. शोर सुनकर आसपास के लोग और स्कूली छात्र भी मौके पर जुट गए.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ड्राइवर की तलाश की जा रही: इंस्पेक्टर घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
झूंसी इंस्पेक्टर के महेश मिश्रा ने बताया- “CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस चालक की तलाश कर रही है. पुलिस टीम दबिश दे रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.”













Leave a Reply