राजधानी दिल्ली में NEET परीक्षा को लेकर हंगामा मचा हुआ है. एक तरफ छात्र जंतर-मंतर पर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ राजनीति भी गरमाई हुई है. इसी गहमागहमी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बड़ा बयान सामने आया है. ‘मंगल मिलन’ बैठक के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनके भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नीट परीक्षा के संदर्भ में कहा कि NEET के एग्जाम के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा है कि गड़बड़ियों की खबरें मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, जिसके तहत 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. उन्होंने बताया कि छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा का सफल आयोजन किया गया और समय पर परिणाम भी घोषित कर दिए गए. इसके अलावा, उन्होंने भविष्य में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे सख्त कदमों की रूपरेखा साझा की और दोषियों को कड़ी सजा देने के साथ-साथ एक पूरी तरह सुरक्षित और पुख्ता (फूलप्रूफ) व्यवस्था बनाने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया.
पेपर लीक के खिलाफ सख्ती से कदम उठाएगी सरकार: किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्होंने (PM) यह भी कहा पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है, पूरे देश का मामला है. पेपर लीक मामले में जिन लोगों ने यह घिनौना काम किया है, उनके खिलाफ सजा देने के लिए हम सबको एकजुट होना होगा. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा. पेपर लीक के खिलाफ सख्ती से कदम उठाएंगे.”
किरेन रिजिजू ने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) चालू मानसून सत्र के दौरान एक सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाएगा. देश के हित में लाए जाने वाले विधेयकों और विधायी कार्यों को पारित कराने के लिए सभी घटक दल पूरी तरह एकजुट हैं. उन्होंने विपक्ष से भी यह अपील की कि अलग-अलग पार्टियों की विचारधारा और विचार भिन्न हो सकते हैं, लेकिन फिर भी देश, इसके उज्ज्वल भविष्य और युवा पीढ़ी के हित के लिए सभी को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए.
















Leave a Reply