पेपर लीक मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े समर्थक बुधवार रात टॉल्सटॉय रोड-संसद मार्ग कट पर फिर पुलिस से भिड़ पड़े. करीब 3-4 हजार समर्थकों की भीड़ ने पुलिस पर हमला किया, जिसमें 2 एसीपी, 2 इंस्पैक्टर और एक पुलिसकर्मी समेत कई 5 पुलिस वाले घायल हो गए.
5 हजार लोगों की भीड़ ने किया हमला: एसीपी जयप्रकाश ने बताया कि 5 हजार लोगों की हिंसक भीड़ ने अचानक आगे बढ़ने की कोशिश की. पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाकर भीड़ को रोकने की कोशिश की लेकिन उन्होंने अचानक पथराव शुरू कर दिया. जिसमें कई लोग घायल हो गए. हालात संभालने के लिए समर्थकों को काफी समझाने की कोशिश की गई लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए.
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले: कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथ में डंडे थे जो पुलिस पर चलाए गए. इसके बाद प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आरएएफ की टीम ने भी बल प्रयोग किया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया. पुलिस ने भी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के दो से चार गोले छोड़े और भीड़ को काबू में किया.

दिल्ली पुलिस ने कहा, रात करीब 8.30 बजे कनॉट प्लेस में टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिससे कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए. सीनियर अधिकारी उन्हें RML अस्पताल ले गए। कुछ मिनटों तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन अब शांति है.
सुबह तक के लिए इंटरनेट सेवा बंद: इसके अलावा इंटरनेट सेवा भी सुबह 6 बजे तक के लिए बंद कर दी गई है. दरअसल कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने साफ कह दिया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता, प्रदर्शन जारी रहेगा. ऐसे में प्रदर्शनकारियों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। इधर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर मोबाइल कमांड एंड कंट्रोल वाहन की तैनाती की है.
















Leave a Reply