मुरादाबाद में कोसी नदी के उफान पर होने की वजह से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर करीब 200 मीटर हिस्से में डेढ़ से 2 फीट तक पानी आ गया है. कोसी नदी यहां हाईवे की एक साइड के ऊपर से बह रही है. हालांकि हाईवे की दूसरी साइड पर अभी तक पानी नहीं है.
मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में गणेशघाट के पास (रामपुर से करीब 3 किमी पहले) शनिवार को देर शाम कोसी नदी के उफान पर होने की वजह से पानी आ गया है. यह पानी लगातार बढ़ता जा रहा है जिसकी वजह से नेशनल हाईवे की एक साइड (लखनऊ की दिशा में जाने वाला ट्रैफिक) पर वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है. यहां डायवर्ट करके वाहन निकाले जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

मूंढापांडे के 10 से अधिक गांवों में कोसी नदी की बाढ़ की वजह से फसलें डूब गई हैं. मूंढापांडे थाना क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों में भी कोसी की बाढ़ का पानी घुसने की खबरें हैं. इन गांवों के खेतों में पानी पहुंच चुका है. हालांकि आबादी में अभी तक पानी घुसने की सूचना नहीं है. कोसी नदी में आई बाढ़ की वजह से मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव हिरनखेड़ा और जैतविसाट के बीच बने मार्ग के ऊपर से नदी बहने लगी है जिसकी वजह से इस मार्ग को बंद कर दिया गया है. क्षेत्र के गांव गदईखेड़ा, रनियाठेर, जैतपुर विसाहट, लालपुर चक कोहन ,हरपाल के जंगलों में फसलें पानी में डूब चुकी हैं. इससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है. हीरापुर गांव के पास सड़क के ऊपर से नदी बह रही है.















Leave a Reply