बांग्लादेश में फिर बवाल: जला दिया भारत के खिलाफ ज़हर उगलने वाले मोहम्मद यूनुस का घर

Spread the love

भारत के पड़ोस में एक बार फिर उबाल है। यहां बांग्लादेश मे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी से पहले हिंसा भड़क गई है। बीते दिनों शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग से जुड़े नेताओं ने सड़कों पर आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया था। अब खबर है कि हमलों में आवामी लीग के नेताओं भी निशाना बनाया जा रहा है। इधर हसीना की सरकार गिरने के बाद सत्ता में आए भारत विरोधी मुहम्मद यूनुस के घर को भी भीड़ ने आग के हवाले कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सबसे अधिक हिंसा शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में भड़की है। गोपालगंज में सड़कों पर कोहराम मचा हुआ है। भीड़ ने यहां कई गाड़ियों और एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। इधर बुधवार रात को भीड़ ने चटगांव में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आग लगा दी। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।

लॉकडाउन का हुआ था ऐलान: गौरतलब है कि इससे पहले अवामी लीग ने गुरुवार को देशभर में ‘लॉकडाउन’ की घोषणा की थी। यह ऐलान होते ही हिंसा फैलने लगी। खबरों के मुताबिक बुधवार रात कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और आग लगा दी। माना जा रहा है कि ये कार्यकर्ता प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से जुड़े थे।

हसीना के साथी गिरफ्तार: पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बावजूद ढाका में कई जगहों पर बम विस्फोट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इस बीच लॉकडाउन से पहले ढाका में 24 घंटे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हसीना के मंत्रिमंडल के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके ढाका स्थित आवास से हिरासत में लिया गया।

कई जिलों में बम विस्फोट: बांग्लादेश के कई जिलों में हालात बड़े से बदतर होते जा रहे हैं। कई जगहों पर बम विस्फोट की खबरें हैं। स्थानीय खबरों के मुताबिक पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में बम विस्फोट और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में कुछ लोगों की जान भी गई है। इसके अलावा 10 नवंबर से अब तक ग्रामीण बैंक के कम से कम 37 दफ्तरों में आगजनी की कोशिश की गई है। देश भर में कई बसों में भी आग लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *