देवउठनी एकादशी के बाद कार्तिक शुक्ल द्वादशी पर तुलसी-शालिग्राम का विवाह कराया जाता है. इस दिन तुलसी को दुल्हन और शालिग्राम को दूल्हे की तरह सजाने के बाद उनका विधिवत विवाह कराया जाता है. मान्यता है कि तुलसी-शालिग्राम विवाह कराने से घर में दांपत्य जीवन में मधुरता और घर में सुख-समृद्धि आती है. आइए जानते हैं कि आज तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त क्या रहने वाला है और आप घर में कैसे तुलसी का विवाह करवा सकते हैं.
तुलसी विवाह 2026 तिथि हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 06.31 बजे से लेकर 22 नवंबर को सुबह 04.56 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर तुलसी विवाह शनिवार, 21 नवंबर यानी आज कराया जाएगा.
तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त: तुलसी विवाह के लिए संध्याकाल में गोधूलि वेला को शुभ बताया जाता है. इस दौरान माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराने की परंपरा है. पंचांग के अनुसार, आज गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा. यानी तुलसी-शालिग्राम का शुभ घड़ी में विवाह कराने के लिए करीब 27 मिनट का मुहूर्त रहेगा.
घर में कैसे कराएं तुलसी-शालिग्राम विवाह? तुलसी विवाह के लिए घर के आंगन, छत या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप बनाएं. फिर एक चौकी पर शालिग्राम और तुलसी को स्थापित करें. उनके सामने घी का दीपक प्रज्वलित करें. फिर शालिग्राम और तुलसी का दूल्हा-दुल्हन की तरह श्रृंगार करें. शालिग्राम को चंदन, हल्दी, तुलसी दल, पीले फल, फूल अर्पित करें. वहीं तुलसी मैय्या को लाल चुनरी ओढ़ाएं. इसके बाद दोनों का विवाह संपन्न कराएं.
विवाह की रस्म के दौरान घर का कोई पुरुष सदस्य भगवान शालिग्राम को हाथ में लेकर तुलसी के पौधे की सात परिक्रमा कर सकता है. परिक्रमा के समय तुलसी माता और शालिग्राम पर सिंदूर मिश्रित अक्षत अर्पित करें. सात फेरे पूरे होने के बाद कपूर जलाकर दोनों की आरती उतारें. भगवान को उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाएं और उसे प्रसाद के रूप में परिवार के सदस्यों और अन्य श्रद्धालुओं में बांटें. पूजा के बाद अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार गरीबों को दान-दक्षिणा देकर आशीर्वाद लें.
क्यों कराया जाता है तुलसी-शालिग्राम विवाह? पौराणिक कथा के अनुसार, पूर्वजन्म में तुलसी का नाम वृंदा था और उसका विवाह असुरराज जालंधर के साथ हुआ था. वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त थी और उसके पतिव्रत धर्म के कारण जालंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था. उसके प्रकोप से देवी-देवता थरथर कांपने लगे थे. तब देवताओं के आग्रह पर भगवान शिव ने जालंधर का वध करने का संकल्प लिया. लेकिन वृंदा की आस्था इतनी अटूट थी कि उसका ध्यान भटकाए बिना जालंधर का वध नहीं किया जा सकता था. इसलिए भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धारण किया और वृंदा का ध्यान भटकाकर उसके पतिव्रत धर्म को भंग कर दिया. अंतत: भगवान शिव के साथ युद्ध में जालंधर मारा गया.
लेकिन जब वृंदा को भगवान विष्णु के इस छल के बारे में पता चला तो उसने नारायण को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया. देवताओं के आग्रह करने के बाद वृंदा ने अपना श्राप तो वापस ले लिया, लेकिन खुद को अग्नि में भस्म कर लिया. कहते हैं कि वृंदा की राख से एक पवित्र पौधा उत्पन्न हुआ, जिसे भगवान विष्णु ने तुलसी नाम दिया. इसके बाद भगवान ने वृंदा की भक्ति का सम्मान रखते हुए शालिग्राम पत्थर का स्वरूप स्वीकार किया और यह वरदान दिया कि उनकी पूजा तुलसी के बिना हमेशा अधूरी रहेगी. साथ ही यह भी वरदान दिया कि हर साल कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि पर शालिग्राम का विवाह तुलसी के साथ किया जाएगा.
















Leave a Reply