कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को देवउठनी एकादशी कहते हैं, जिसे देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु पूरे चार माह के बाद योग निद्रा से जागते हैं. इस दिन व्रत और पूजा-पाठ करने के साथ ही घर, आंगन और तुलसी के पास दीया जलाने का भी विधान है. तो आइए जानते हैं कि इस साल देवउठनी एकादशी का व्रत कब रखा जाएगा और पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा.
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि का आरंभ 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर होगा. एकादशी तिथि का समापन 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा. देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026 को रखा जाएगा. हालांकि कुछ वैष्णव परंपराओं में उदया तिथि के आधार पर 21 नवंबर को भी देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा.
शुभ मुहूर्त: देवउठनी एकादशी के दिन पूजा के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 1 मिनट से सुबह 5 बजकर 54 मिनट तक रहेगा. अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा वहीं शाम की पूजा के लिए गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 26 मिनट से शाम 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा.
महत्व: देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी और देवुत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन चातुर्मास का समापन भी होता है और फिर से मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाते हैं. बता दें कि चातुर्मास के दौरान सभी तरह के शुभ और मांगलिक कार्य करने की मनाही होती है. आषाढ़ शुक्ल पक्ष की हरिशयनी या देवशयनी एकादशी से चातुर्मास शुरू हो जाते हैं और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तक होते हैं.
पारण का समय: देवउठनी एकादशी व्रत का पारण 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा. पारण के लिए शुभ समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से दोपहर 3 बजकर 18 मिनट तक रहेगा. वहीं जो लोग 21 नवंबर को एकादशी का व्रत रख रहे हैं वो पारण 22 नवंबर को करेंगे. इस दिन पारण के लिए मुहूर्त सुबह 6 बजकर 49 मिनट से सुबह 8 बजकर 56 मिनट तक रहेगा.
















Leave a Reply