एक मिनट में पता चलेगा मुँह के कैंसर का पता, IIT कानपुर के छात्रों ने बनाई सस्ती भरोसेमंद डिवाइस

Spread the love

IIT कानपुर ने एक नई पोर्टेबल डिवाइस विकसित की है, जो मुंह के कैंसर का शुरुआती चरण में ही पता लगा सकती है. यह डिवाइस केवल एक मिनट में रिपोर्ट तैयार करने की क्षमता रखती है, जिससे कैंसर की स्थिति और उसकी स्टेज का सटीकता से पता चलता है. डिवाइस मुंह के अंदर की तस्वीरें लेकर उनका विश्लेषण करती है और कैंसर के लक्षणों की पहचान करती है.

टूथ ब्रश के आकार की कैंसर चेकअप डिवाइस
इस डिवाइस को आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर जयंत कुमार सिंह और उनकी टीम ने छह साल की मेहनत से विकसित किया है. इसे “स्कैन जिनी” नामक कंपनी के सहयोग से तैयार किया गया है. प्रो. सिंह के अनुसार, यह डिवाइस एक टूथब्रश के आकार की है, जिसमें हाई-रिज़ोल्यूशन कैमरा और एलईडी लाइट्स लगे हैं, जो मुंह के अंदर की तस्वीरें लेकर उन्हें मोबाइल पर भेज देती है. यह डिवाइस 90 प्रतिशत सटीकता से परीक्षण करती है और पूरी प्रक्रिया दर्द रहित होती है.

3000 लोगों पर परीक्षण 
आईआईटी कानपुर ने शहर में कई स्थानों पर कैंप लगाकर लगभग 3000 लोगों का परीक्षण किया, जिसमें 22 वर्ष तक की उम्र के लोगों में मुंह के कैंसर के शुरुआती लक्षण पाए गए. परीक्षण में फैक्टरी कर्मचारियों और प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारी भी शामिल थे. शुरुआती चरण में कैंसर का पता चलने से इसे रोकने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं.

डिवाइस में पावर बैकअप और रिकॉर्डिंग भी 
यह डिवाइस पोर्टेबल है, जिसे एक छोटे बैग में रखकर कहीं भी ले जाया जा सकता है. इसमें पावर बैकअप और स्वास्थ्य रिकॉर्ड ट्रैकिंग की सुविधा भी है, जिससे मेडिकल हिस्ट्री का रिकॉर्ड रखा जा सकता है. इसकी अनुमानित कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये के बीच होगी और इसे दिसंबर तक बाजार में उतारने की योजना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *