कानपुर में SNK पान मसाला की फैक्ट्री सील: DGGI विंग के अधिकारी जांच को पहुंचे, नहीं खोला ताला

Spread the love

एसएनके पान मसाला समूह के खिलाफ दो दिन से चल रही छापेमारी की कार्रवाई में सीजीएसटी की डीजीजीआई विंग ने कारोबारी की पनकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री सील कर दी। टीम को यहां ताले बंद मिले. काफी पूछताछ के बाद भी कोई कुछ बताने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे मे फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया गया.

5 नंबरों पर कॉल करने के बाद रिसीव नहीं हुई कॉल

जीएसटी, सीजीएसटी के दस्तावेजों में दर्ज पांच अलग-अलग नंबरों पर कॉल की गई, लेकिन रिसीव नहीं हुई. दो पंचों को गवाह बनाते हुए बताया गया कि जांच के लिए टीम के साथ प्रतिष्ठान के मालिक व कर्मचारियों ने सहयोग नहीं किया.

संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर पर कॉल करने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला. घंटों इंतजार के बाद फैक्ट्री के मुख्य गेट पर अफसरों ने सर्च वारंट चस्पा कर सील कर दिया. कहा गया कि बगैर डीजीजीआई को सूचना दिए बगैर यह फैक्ट्री नहीं खोली जाएगी.

इस फैक्ट्री का संचालन ग्रीनवर्थ इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत होता है. यह फर्म करीब दो साल पहले अस्तित्व में आई है. अधिकारियों ने फैक्ट्री और गोदाम परिसर को पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया है.

50 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी

मुखौटा कंपनियां बनाकर खरीद-फरोख्त के साक्ष्य मिले हैं. सूत्रों के मुताबिक टैक्स चोरी 50 करोड़ या इससे ज्यादा की हो सकती है. इसका पता अस्समेंट के बाद ही चल सकेगा। छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों, सॉफ्ट फाइलों और डेटा को सुरक्षित रखा गया है.

आधिकारिक तौर पर बयान नहीं

हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर छापे को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है. सूत्रों के अनुसार पान मसाला कारोबारी के आवास, फैक्टरियों समेत सहयोगी व रिश्तेदारों के यहां छापेमारी में कई बड़ी व चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं.

बोगस कंपनियों के मिले साक्ष्य

बोगस कंपनियों से जुड़े साक्ष्य के अलावा स्टॉक में भारी अंतर, खरीद-बिक्री की सही जानकारी छिपाने की बात भी सामने आई है. डीजीजीआई सूत्रों के अनुसार फर्म में बड़े पैमाने पर उत्पादन, ट्रांसपोर्टेशन और बिक्री का लेखाजोखा जीएसटी विभाग को नहीं दिया जा रहा था. फर्म खुफिया महानिदेशालय के रडार पर थी. टीम ने कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को जब्त कर लिया है.

अन्य दो फैक्ट्रियों पर हुई कार्रवाई

सीजीएसटी की डीजीजीआई विंग की आठ टीमों ने शुक्रवार सुबह सात बजे एसएनके पान मसाला समूह के शहर में अलग-अलग 11 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की थी. दिल्ली, लखनऊ, मुंबई से आए 70 से अधिक अफसर कार्रवाई कर रहे हैं.

आवास पर भी मारा गया छापा

पनकी स्थित कारोबारी की दो फैक्ट्रियों, स्वरूप नगर और रतन लाल नगर में आवासों के अलावा कारोबारी के भाई की पनकी में पान मसाला का रैपर तैयार करने वाली दो फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की गई थी. नजदीकी रिश्तेदार व कारोबार में सहयोगी के पांडु नगर स्थित आवास पर भी छापा मारा गया.

ट्रांसपोर्टरों पर भी कार्रवाई

माल भेजने और लाने में सहयोग करने वाले ट्रांसपोर्टर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम, सुपारी की सप्लाई करने वाले व्यापारी के किदवई नगर स्थित आवास समेत दो ठिकानों पर शुक्रवार देर शाम तक जांच चलती रही. पनकी साइट नंबर वन स्थित फैक्ट्री पर टीमें पहुंच गईं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *