UP उपचुनाव में सभी नौ सीटों पर INDIA गठबंधन ‘साइकिल’ चुनाव चिन्ह पर लड़ेगा इलेक्शन

Spread the love

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार देर रात ऐलान किया है कि यूपी की 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में INDIA गठबंधन के साझा उम्मीदवार साइकिल चिन्ह पर उतरेंगे. इस ऐलान से पहले कयासबाजी लगाई जा रही थी कि सपा और कांग्रेस के बीच में सीट शेयरिंग को लेकर कोई सहमति नहीं बन पा रही है. सपा और कांग्रेस की स्टेट लीडरशिप की तरफ से भी अलग-अलग संख्या में सीटों पर दावेदारी के दावे-प्रतिदावे किए जा रहे थे. हालात ऐसे बन रहे थे कि यूपी में विपक्ष के इंडिया गठबंधन के भविष्य पर भी सवाल उठने लगे थे. अखिलेश के ऐलान ने गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं होने की इन चर्चाओं पर विराम तो लगाया है, लेकिन अब चर्चा इस बात की है कि आखिर विपक्षी गठबंधन उपचुनाव के इस नए फॉर्म्युले तक कैसे पहुंचा?

वायनाड से लौटे राहुल गांधी से देर रात हुई अखिलेश की बात

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को बहन प्रियंका गांधी के नॉमिनेशन के लिए वायनाड पहुंचे थे. वायनाड सीट राहुल गांधी ने खाली की है और यहां भी उपचुनाव होना है. राहुल गांधी जब वायनाड से लौटे तो सूत्रों के मुताबिक देर रात अखिलेश यादव की उनसे बातचीत हुई है. राहुल गांधी इस सपा की ओर से मिल रहे 2 सीटों के ऑफर की बजाय किसी भी सीट पर नहीं लड़ने की बात कही.

सपा और कांग्रेस में कहां फंसा हुआ था पेच, सब समझिए

वैसे इस बात की पहले भी आशंका जताई जा रही थी कि अगर सपा से मनमाफिक सीटों पर समझौता नहीं हुआ, तो कांग्रेस यूपी में 9 सीटों के उपचुनाव में अपनी दावेदारी वापस ले लेगी. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस पार्टी हारी हुई हुई सीट पर दांव नहीं लगाना चाहती थी. अखिलेश यादव ने कांग्रेस के लिए गाजियाबाद और खैर की सीट छोड़ी थी. राजनीतिक जानकार और कांग्रेस पार्टी भी इन दोनों को ऐसी सीट मान रही थी जिसे जीतना लगभग नामुमकिन था. भाजपा पिछले कई बार से इन दोनों सीटों को जीतती आ रही है.

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने पहले ही यह इशारा कर दिया था कि अगर फूलपुर और मीरापुर जैसी सीटें उन्हें नहीं मिलेगी तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे. अखिलेश यादव ने इन दोनों सीटों को देने से मना कर दिया क्योंकि यह दोनों ऐसी सीटें हैं जो विपक्ष जीत सकता है.

यूपी में 9 सीटों पर हो रहा है उपचुनाव

यूपी में 10 विधानसभा सीटें खाली हैं. यहां अभी कुल 9 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है. इनमें मैनपुरी की करहल, कानपुर की सीसामऊ, प्रयागराज की फूलपुर, अंबेडकरनगर की कटेहरी, मिर्जापुर की मझवां, अयोध्या की मिल्कीपुर, गाजियाबाद सदर, अलीगढ़ की खैर, मुजफ्फरनगर की मीरापुर और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट शामिल हैं. अभी मिल्कीपुर सीट पर चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. उपचुनाव में 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. इन सभी सीटों पर नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *