कानपुर में महिला मरीज की मौत पर लापरवाही का आरोप लगाकर माही हॉस्पिटल में हंगामा

Spread the love

कानपुर में चकेरी थानांतर्गत सनिगवां की मरीज की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई काआश्वासन देकर किसी तरह से परिजनों को शांत कराया.

सनिगवां के कांशीराम कॉलोनी निवासी अंकुश सोनकर टेनरी में काम करता है. उनके अनुसार उनकी 19 वर्षीय पत्नी सोनल पिछले कुछ दिनों से टीबी की समस्या से जूझ रही थी जिसके चलते बीते सोमवार उसे सनिगवां स्थित माही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. अंकुश ने बताया बुधवार की शाम को डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन करने के लिए कहा था. इसके बाद उसे ओटी में लेकर चले गए. फिर कुछ ही देर में डॉक्टर ओटी से बाहर निकले और सोनल की मौत होने की खबर दी. इसके बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया.

मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया. मामले में अस्पताल के संचालक डा उमेश शर्मा ने बताया कि महिला का टीबी का उपचार चल रहा था. हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया था लेकिन परिजन जबरन उपचार करने की बात पर अड़े थे. हालत बिगड़ने पर महिला की मौत हुई है. थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *