कानपुर के कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल में जल्दी इलाज कराने का झांसा देकर महिला से 5 लाख के जेवरात टप्पेबाज ने उतरवा लिए। फिर धमकी देते हुए झोला लेकर भाग निकला.
पीड़ित दंपती ने स्वरूप नगर पुलिस से शिकायत की. जांच के दौरान ठग का एक CCTV भी सामने आया है. स्वरूप नगर पुलिस ने FIR करके युवक की तलाश शुरू कर दी है.
हॉस्पिटल का स्टाफ बनकर दंपति को झांसा दिया
उरई गिरधरपुरी निवासी कारोबारी लीलाराम रामनानी 26 नवंबर को हार्ट पेशेंट पत्नी हरिदेवी का इलाज कराने के लिए हृदयरोग संस्थान कानपुर (कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल) लाए थे. लीलाराम ने बताया-दोपहर में 1 बजे एक व्यक्ति आया. खुद को हॉस्पिटल का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आप लोग परेशान मत हो.
आपका इलाज मैं प्राथमिकता के आधार पर करवा दूंगा. लाइन में नहीं लगना पड़ेगा. मेरा सीधे डॉक्टरों से संपर्क है. आपकी जांच और इलाज अब बगैर नंबर लगाए हो जाएगा.
यह सुनकर दंपति खुश हो गए. उसके झांसे में फंस गए. इसके बाद दंपति को विश्वास में लेकर पत्नी की जांच और इलाज के बहाने पहले तो पति से अलग कर दिया.
एंजियोग्राफी के नाम पर जेवर उतरवाए
पत्नी हरिदेवी को अस्पताल से बाहर ले गया. कहा कि आपको चेकअप के लिए जेवरात उतारने पड़ेंगे. आनन-फानन में जांच का हवाला देकर जल्दी कराते हुए 2 सोने की चूड़ियां, 2 सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी डायमंड टॉप्स और पास में रखे हुए 35 हजार रुपए एक झोले में रखवा दिए.
इसके साथ ही दोनों मोबाइल भी झोले में रखवा दिया. इसके बाद शातिर टप्पेबाज ने महिला को एंजियोग्राफी कराने का झांसा देकर दोबारा हॉस्पिटल लेकर पहुंचा. जांच के नाम पर चेकअप रूप में बाहर खड़ा कर दिया. वहां से भाग निकला। काफी देर तक महिला का नंबर ही नहीं आया.
इसके बाद महिला अपने पति लीलाराम के पास पहुंची तो बताया कि काफी देर से खड़े हैं, लेकिन मेरा नंबर ही नहीं आया महिला ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने जेवरात भी झोले में उतरवाकर रख लिए थे.
लेकिन, कहीं मिल नहीं रहा है. हॉस्पिटल में पड़ताल करने में पता चला कि इस तरह का कोई कर्मचारी ही नहीं है. तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ टप्पेबाजी हुई है. दंपति ने मामले की जानकारी हॉस्पिटल प्रबंधन और स्वरूप नगर थाने में दी. हरिदेवी ने बताया कि 5 लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात थे. पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल की लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस ने FIR कर ली है.
CCTV में दिखा टप्पेबाज
थाना प्रभारी सूर्य बलि पांडेय ने बताया-टप्पेबाजी करने वाला शातिर CCTV में कैद हुआ है लेकिन, टोपी और मास्क लगाए होने की वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. फिर भी कद काठी के आधार पर शातिर टप्पेबाज की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा.
















Leave a Reply