कानपुर में ड्राइवर की लापरवाही से जीडी गोयनका स्कूल की बस पलटी, बाल-बाल बचे बच्चे

Spread the love

कानपुर में नवाबगंज थाना क्षेत्र के मैनावती मार्ग पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते उस समय बच गया जब जीडी गोयनका स्कूल की बस ड्राइवर की लापरवाही से डिवाइडर से टकराकर पलट गयी. बस के पलटने से कई बच्चे और टीचर घायल हो गए.

स्थानीय लोगों और पुलिस तत्काल बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला व राहत-बचाव कार्य में जुट गए. बच्चे काफी घबराये दिख रहे थे जिन्हें ढांढस बंधाया गया.

बस में करीब दो टीचर, 55 स्टूडेंट्स मौजूद थे. बस पलटने के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को सूचित किया.

इलाकाई लोगों की मदद से राहत कार्य में जुटी पुलिस ने स्टूडेंट्स और टीचर को बस से बाहर निकाला. क्रेन मंगवाकर बस को सीधा कराया गया और पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है. इधर बस चालक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है.

वृद्ध महिला को बचाने के दौरान हुई घटना

शुक्रवार सुबह जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की स्टूडेंट्स से भरी बस स्कूल जा रही थी. मैनावती मार्ग पर डीपीएस स्कूल से लगभग पांच सौ मीटर आगे इलाके में रहने वाली एक वृद्धा कृष्णा देवी बस के सामने आ गई. वृद्ध महिला घर का कुछ सामान लेकर वापस लौट रही थी. इलाकाई लोगों के मुताबिक उसे बचाने के चक्कर में बस चालक ने दाईं तरफ स्टेयरिंग मोड़ दी. जिससे बस का अगला पहिया डिवाइडर से टकराया और उसके ऊपर चढ़ता चला गया। वहां पर एक पोल भी लगा था टक्कर से वो भी टेढ़ा हो गया. उस पर से टायर गुजरने के साथ ही बस पलट गई. बस पलटने के साथ ही वृद्ध ने खुद को बचाने के लिए सड़क किनारे छलांग लगा दी और मौरंग के ढेर पर जाकर गिरी.

अफरा-तफरी और चीख पुकार मची

बस के पलटने के साथ ही मौके पर अफरा तफरी मच गई. इलाकाई लोग दौड़कर बस में मौजूद स्टूडेंट्स और टीचर की मदद करने पहुंचे. नवाबगंज पुलिस को घटना की सूचना दी गई. मौके पर पांच दरोगा समेत बीस सिपाही पहुंच गए. एक-एक कर पलटी हुई बस से स्टूडेंट्स और टीचरों को बाहर निकाला गया.

इसमें नीतू सिंह नाम की टीचर के नाक पर चोट और एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर हुआ था. बाकी सभी स्टूडेंट्स चोटिल हुए थे. स्टूडेंट्स और टीचर को निकालने के बाद सभी को संजीवनी अस्पताल ले जाया गया. जहां पर फर्स्ट एड के बाद सभी को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया.

खस्ताहाल सड़क और सीवर लाइन के कारण रोड ही नहीं बची

घटना को लेकर इलाकाई लोगों में रोष व्याप्त है। वहीं के रहने वाले अनुज ने कहा कि यहां पर रोड तो बची ही नहीं है. सीवर लाइन पड़ने का कार्य होने के कारण आधी से ज्यादा रोड पर खुदाई का काम चल रहा है. इसके अलावा जो बची रोड है, उसपर डिवाइडर के कारण और सकरी हो गई है. उसके बाद जो सकरी रोड बची है उसमें भी गड्ढे हो गए हैं. कोई सरकारी महकमा यहां पर ध्यान नहीं दे रहा है. वहीं संजय कुमार ने बताया कि रोड की ऐसी स्थिति के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं. कुछ दिन पहले एक बाइक सवार भी इसी जगह पर फिसल कर गिरा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *