लखनऊ में CBI के एएसआई पर धनुष-बाण से हमला किया गया. ASI वीरेंद्र सिंह सीबीआई दफ्तर के गेट पर खड़े थे तभी एक व्यक्ति ने धनुष पर बाण चढ़ाकर मारा. बाण उनके सीने में लगा और वह घायल होकर गिर गए.
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. एएसआई को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही सीबीआई और पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे. पुलिस बाण चलाने वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. घटना का तार 1993 के रेलवे भ्रष्टाचार से जुड़ा है. घटना शुक्रवार सुबह करीब 11.15 बजे की हजरतगंज नवल किशोर रोड पर सीबीआई दफ्तर की है.

अस्पताल में जहां एएसआई भर्ती हैं, वहां पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे ASI वीरेंद्र सिंह को घायल अवस्था में लाया गया. उनके सीने के बाई तरफ 5 सेमी का गहरा घाव हुआ है. डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें रखा गया है. उनकी स्थिति खतरे से बाहर है.
रेलवे ट्रैप मामले से जुड़े हो सकते हैं तार: बताया जा रहा कि यह हमला 1993 के एक रेलवे ट्रैप मामले से जुड़ा हो सकता है. उस समय CBI ने रेलवे में भ्रष्टाचार के एक मामले में मुकदमा दर्ज किया था जिसके चलते आरोपियों को रेलवे से बर्खास्त कर दिया गया था. उस मामले में ASI वीरेंद्र सिंह जांच कर रहे थे.
बिहार के मुंगेर के खड़कपुर निवासी 45 साल के दिनेश मुर्मू ने पेड़ की आड़ में दरोगा पर बाण चलाया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया. 1993 के एक रेलवे ट्रैप में दिनेश की भी नौकरी गई थी.















Leave a Reply