कानपुर में होटल की 11वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई. युवक 80 फीट की ऊंचाई पर बिजली का काम कर रहा था कि अचानक फिसल गया. इससे बिजली मिस्त्री के सिर की चार हड्डियां, सीने की पसलियां व हाथ पैर की हड्डियां चकनाचूर हो गईं.
.युवक की एक माह पहले ही शादी हुई थी. मौके पर पहुंचे परिजनों को होटल के गार्डों ने अंदर नहीं जाने दिया, जिस पर उन्होंने हंगामा कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया. हादसा बिठूर के मंधना गंगा बैराज मार्ग स्थित इटरनिटी होटल में हुई.

बिना सेफ्टी बेल्ट के कर रहा था काम: मूलरूप से उन्नाव कोतवाली निवासी करन राजपूत (30) बिठूर के मंधना गंगा बैराज स्थित होटल इटरनिटी में बिजली कारीगर थे. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह 11 वीं मंजिल पर बन रहे गुंबद पर बिना सेफ्टी बेल्ट लगाए काम कर रहे थे. अचानक संतुलन बिगड़ने पर करन 11 वीं मंजिल से सीधे करीब 80 फीट नीचे आ गिरे. होटल प्रबंधन और साथी कर्मचारियों ने उन्हें सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल ले गए, जहां करीब 2 घंटे बाद मृत घोषित कर दिया गया.
होटल के गार्डों ने अंदर नहीं घुसने दिया: करन के मौत की सूचना पाकर पिता पप्पू राजपूत, बड़ा भाई सूरज, रिश्तेदार मनोज और सुक्खीलाल मौके पर पहुंचे, जिस पर होटल के गार्डों ने उन्हें अंदर घुसने तक नहीं दिया जिस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम भिजवाया.
तहरीर के आधार होगी कार्रवाई: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर की चार हडि्डयां, सीने की पसलियां,दाहिना हाथ व पैर की हड्डियां टूटी मिलीं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ज्यादा खून बहने से मौत की पुष्टि हुई है. बिठूर थाना प्रभारी प्रेमनरायन विश्वकर्मा ने बताया तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.
















Leave a Reply