UP के पीलीभीत में बाघ 36 साल के किसान को मारकर खा गया. किसान खेत में सिंचाई कर रहे थे, तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया. जबड़े में पैर दबोचकर किसान को 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. फिर एक हाथ और एक पैर खा गया.
जब किसान काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे. वहां किसान नहीं मिला तो आसपास तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान जंगल के किनारे उनका क्षत-विक्षत शव मिला. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया. पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी रो-रोकर बेसुध हो गई.

परिजनों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची. टीम के सभी सदस्य चौकी में ताला लगाकर फरार हो गए. हालांकि, वन विभाग ने इन आरोपों को गलत बताया. वन विभाग ने कहा कि जब उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो बाघ ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की. टीम ने पटाखे फोड़कर बाघ को भगाया और किसी तरह अपनी जान बचाई.
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और मृतक के परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी. घटना जिला मुख्यालय से 6 किलोमीटर दूर पीलीभीत टाइगर रिजर्व के माला वन रेंज के मेवातपुर गांव की है.-

पिता मंगला प्रसाद ने बताया- हमारे पास खुद की जमीन नहीं है. बेटा गुड्डू बंटाई पर खेत लेकर गन्ने की खेती करता था। उसी से परिवार चलता था. उसके दो बेटे हैं– निर्मल (14) और सजल (10)। गुड्डू रात 11 बजे खेत से मेड़ बनाकर लौटा था. सुबह 3 से 4 बजे के बीच पानी आता है, इसलिए खाना खाने के बाद वह रात 1 बजे फिर से अकेले ही खेत चला गया. खेत घर से करीब 800 मीटर दूर है. गुड्डू के साले चिंतामणि ने बताया- सुबह 8 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो हम लोग उसे खोजने निकले. खेत के पास खून के निशान मिले. खेत से 50 मीटर की दूरी पर गुड्डू का अधखाया शव बरामद हुआ. उसका एक हाथ और एक पैर बाघ खा चुका था.
पिता मंगला प्रसाद का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे. जब वे चौकी पहुंचे तो वहां ताला लटका था और सभी कर्मचारी फरार थे.

पत्नी और बच्चे के साथ किसान गुड्डू.
वह बंटाई पर खेत लेकर परिवार का खर्च चलाते थे. वन विभाग का दावा – हम भी बाघ के हमले से बाल-बाल बचे वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया- हम घटना की सूचना पर मौके पर गए थे और खेत के किनारे-किनारे सर्च अभियान चला रहे थे. तभी घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक बाघ गन्ने के खेत में बैठा दिखा. टीम को देखते ही वह दौड़ पड़ा. हमने पटाखे फोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई. वहीं, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया- पगचिह्न से बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है. मामले की जांच जारी है.















Leave a Reply