UP के बस्ती से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां नगर थानांतर्गत खुटहन गांव में मंगलवार की सुबह करंट की चपेट में आकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई. दोनों एक लोहे की सीढ़ी खेत की तरफ ले जा रहे थे. हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में हाईटेंशन तार सड़क से करीब 10 फीट ऊपर से ही गुजरी है. इसके चलते ही यह हादसा हुआ है.
बताया जा रहा है कि खुटहन गांव का रहने वाले घनश्याम के बेटे विश्वबल्लभ यादव (23) और शशिभूषण यादव (25) मंगलवार की सुबह किसी काम से लोहे की सीढ़ी लेकर घर से निकले थे. घर के सामने लगे खड़ंजे से जाते वक्त उनकी सीढ़ी ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से टच हो गई. सीढ़ी में उतरे करंट की चपेट में आकर दो भाई झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर गए. आनन-फानन में परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां पहुंचते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है. वहीं दूसरी ओर गांव के लोगों ने खुटहन गांव के सामने सड़क को जाम कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिस वाले जाम हटाने का प्रयास में जुटे रहे.
फर्राटा पंखे में उतरे करंट से युवक की मौत, पत्नी झुलसी: उधर, प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज के वार्ड नंबर 15 नया का पुरवा में फर्राटा पंखे के करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई. उसे बचाने के प्रयास में पत्नी भी करंट से झुलस गई.
नया का पुरवा के रामलखन यादव का 32 वर्षीय बेटा संतोष रविवार रात कमरे में फर्राटा पंखा चालू करने लगा. तभी पंखे में उतरे करंट की चपेट आ गया। उसे बचाने दौड़ी पत्नी उमा भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई. परिजन संतोष को सीएससी महेशगंज ले गए। वहां से कुंडा भेजा गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.















Leave a Reply