प्रतापगढ़ में मां, बेटे और बहू का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला. गुरुवार सुबह जब देर तक नहीं उठे तो नानी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया.
पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो मां-बेटे और बहू के शव बेड पर पड़े थे. उनके मुंह से झाग निकल रहा था. पास में 5 महीने का बच्चा रो रहा था.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों ने सुसाइड किया है। बेटे की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी. मौत से एक दिन पहले बेटे ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीर पोस्ट की थी. मामला लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर बाजार का है.

अंकित के कमरे में उसके बेड पर ही उसकी मां आशा, उसकी पत्नी रिया का शव उसके साथ मिला.
28 साल के अंकित पटवा मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले थे. उनकी मां आशा (48) और पिता राकेश का 25 साल पहले तलाक हो गया था. तभी से अंकित अपनी नानी यशोदा देवी (80) के साथ ननिहाल में रह रहे थे. नानी अक्सर बीमार रहती हैं. डेढ़ साल पहले अंकित की शादी रिया (24) से हुई थी. पांच महीने पहले रिया ने बेटे को जन्म दिया था. अभी तक बच्चे का नामकरण भी नहीं हुआ है.
नानी यशोदा देवी ने बताया-बुधवार रात पूरे परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया. इसके बाद सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए. गुरुवार सुबह जब मैं सोकर उठी, तो काफी देर तक नाती, बेटे और बहू के उठने का इंतजार करती रही, लेकिन वे नहीं उठे. फिर मैं किसी तरह फर्स्ट फ्लोर पर गई। बाहर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी. मैंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। जब कोई जवाब नहीं मिला तो मैं नीचे आ गई.
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला: नानी ने बताया- सुबह करीब 7 बजे दूधवाला आया. उनसे काफी देर तक घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन बेटी, पोता और बहू नहीं उठे. मैंने दूधवाले से कहा-अभी सो रहे हैं. इस पर दूधवाले मनोज ने अंकित की मां को फोन लगाया, लेकिन फोन नहीं उठा. मैंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी. पड़ोसी अंकित के दोस्त अशोक और मनोज ने भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन तीनों नहीं उठे.

ये बच्चा अंकित का है. जो बेड पर पुलिस को रोता हुआ मिला है.
इसके बाद अशोक ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को फोन कर दिया. थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा. अंदर देखा तो बेड पर अंकित, उसकी मां और पत्नी की लाश पड़ी हुई थी. तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था. बगल में मासूम बच्चा रो रहा था.
तीनों के शरीर पर चोट के निशान नहीं: वारदात की सूचना पर एएसपी संजय राय और सीओ रामसूरत सोनकर मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाया. पुलिस ने घटना की जानकारी अंकित के पिता और रिया के परिजनों को दी. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
SSP बताया- कमरे में मां, बेटे और बहू के शव मिले हैं. उनके मुंह से झाग निकल रहा था. शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट नहीं मिली है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी.
















Leave a Reply