मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई यूपी कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। इनमें दिल्ली एनसीआर से सीधे यूपी-बिहार की राह आसान करने वाले 49 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेस-वे को मंजूरी दिया जाना शामिल है। यह लिंक एक्सप्रेस-वे आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल को आपस में जोड़ेगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के बाद यूपी में बनने वाला यह दूसरा लिंक एक्सप्रेस-वे होगा।
मिली जानकारी के अनुसार यह एक्सप्रेस-वे छह लेन का होगा। यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ेगा। इस महात्वाकांक्षी परियोजना को इसी साल से लागू करने की तैयारी है। यह न सिर्फ यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से को आपस में जोड़ेगा बल्कि इससे लखनऊ के लोगों को ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।
अभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से उतरने के बाद लखनऊ शहर के अंदर से या फिर आउटर रिंग रोड के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाना पड़ता है। नया लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने के बाद वाहन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के पहले टोल प्लाजा के पास से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का पहले टोल प्लाजा तक सीधे जा सकेंगे। इससे लखनऊ शहर का ट्रैफिक लोड काफी कम हो जाएगा।
गुरुवार को योगी कैबिनेट ने इस लिंक एक्सप्रेस-वे के औद्योगिक विकास विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब इसके निर्माण के निजी कंपनी का चयन किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 4776 करोड़ आएगी। इसमें जमीन के अधिग्रहण की लागत भी शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार निर्माण पूरा होने के बाद 5 साल तक इसका रख-रखाव निजी कंपनी करेगी। भविष्य में इसे आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।
योगी कैबिनेट में 30 प्रस्तावों को मिली मंजूरी सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 30 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी है। बैठक के बाद योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मीडिया को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण के प्रस्ताव के अलावा बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण नियमावली का भी प्रस्ताव पास हो गया है।
















Leave a Reply