पुनीत शुक्ला,कानपुर।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शनिवार को फर्रुखाबाद की रहने वाली 61 साल की महिला महिमा गंगवार प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन में चढ़ने लगी और उसका बैलेंस बिगड़ गया. महिमा ट्रेन के नीचे जा गिरी. ट्रेन निकल जाने के बाद ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के सिपाही ने महिला को ट्रेन के नीचे से निकाला. करीब 1 मिनट तक महिला ट्रेन के नीचे फंसी रही. महिला को कई जगह पर चोटें आईं हैं और उसे इलाज के लिए हैलेट अस्पताल भेजा गया है.
मिली जानकारी के अनुसार गरीब रथ भोपाल एक्सप्रेस रात 12:33 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची. 3 मिनट का स्टॉपेज खत्म होने पर जैसे ही ट्रेन चली, महिमा गंगवार चढ़ने की कोशिश में फिसल गईं. वह पूरी तरह ट्रेन के नीचे चली गईं. उनके पति राजवीर सिंह ने बचाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे. प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री भी शोर मचाते हुए मदद को दौड़े.
RPF जवानों की सतर्कता इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद RPF के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. ट्रेन लगातार चल रही थी, ऐसे में जवान नीचे गिरी महिला को बार-बार हिम्मत बंधाते रहे-“घबराइए मत, एकदम किनारे बने रहिए.” करीब एक मिनट तक ट्रेन महिला के ऊपर से गुजरती रही, लेकिन वह किनारे दबकर पड़ी रहीं. सही-सलामत बाहर निकलीं आखिरकार जब ट्रेन रुकी, RPF सिपाहियों ने महिला को बाहर निकलने के लिए कहा. सभी की सांसें थमी रह गईं जब महिला खुद अपने पैरों पर चलकर बाहर आ गईं. उनके हाथ-पैर पर हल्की चोटें आई थीं, लेकिन बड़ी दुर्घटना टल गई.
इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया: RPF कर्मियों ने उन्हें तुरंत प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बने मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार दिलाया. इसके बाद उनके बेटे, जो कानपुर के हैलेट अस्पताल में डॉक्टर हैं, के साथ महिला को आगे इलाज के लिए भेज दिया गया.
घटना CCTV कैमरों में कैद: घटना का पूरा वीडियो स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों और यात्रियों के मोबाइल में कैद हो गया है. उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि महिला चलती ट्रेन के नीचे फंसी रही और RPF जवान लगातार उन्हें संभालते रहे. मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि यह वाकई चमत्कार से कम नहीं था कि महिला इतनी देर तक ट्रेन के नीचे रहने के बावजूद सही-सलामत बाहर निकल आईं.
















Leave a Reply