वैष्णो देवी हादसे में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये

Spread the love

UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा में प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है. मुख्यमंत्री जी ने हादसे में काल ग्रास हुए उत्तरप्रदेश के निवासियों के परिजनों को आर्थिक सहायता का भी ऐलान किया है. योगी सरकार हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देगी. इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को मृतकों के शव उनके घर पहुंचाए जाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये हैं.

जानकारी के मुताबिक वैष्णो देवी हादसे में उत्तर प्रदेश के नौ लोगों की मौत हुई है. मरने वाले बागपत, मुजफ्फरनगर और आगरा समेत कई शहरों से हैं. 

मरने वालों का ब्योरा प्राप्त जानकारी के अनुसार बागपत के खेकड़ा क्षेत्र की दो महिलाएं जम्मू के वैष्णो देवी हादसे में मारी गई है. उनका नाम चांदनी गोयल है और दूसरी का नाम मीरा है. महिलाओं के परिवार से ही एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हुए हैं. परिजनों के मुताबिक बागपत के इस परिवार से पांच लोग वैष्णो देवी की यात्रा पर गए थे. 

मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला के 22 वर्षीय कार्तिक की भी वैष्णो देवी हादसे में मौत हुई है. रामलीला टिल्ला निवासी मिंटू कश्यप अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गए थे. कटड़ा में अर्धकुंवारी के पास वो भूस्खलन का शिकार हो गए. हादसे में मिंटू कश्यप के 22 साल के इकलौते बेटे कार्तिक की मौत हो गई.  

आगरा का शिव बंसल नाम का युवक भी वैष्णो देवी हादसे में काल का ग्रास बन गया. 21 साल का शिव बंसल अपने चार साथियों के साथ वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में अर्धकुंवारी के पास वो हादसे का शिकार हो गया. 

कैसे हुआ वैष्णो देवी हादसा: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश की वजह से मंगलवार 26 अगस्त को वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग में अर्धकुंवारी के पास अचानक भूस्खलन हो गया. जिसके वजह से बड़ी संख्या में मंदिर आने जाने वाले मलबे की चपेट में आ गए. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई, वहीं कई लोग घायल हो गए. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *