मंत्री ओपी राजभर के खिलाफ बुधवार रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा. कार्यकर्ता एकजुट होकर रात करीब 9 बजे लखनऊ में मंत्री के आवास पहुंचे.
नारेबाजी करते हुए मंत्री का आवास घेर लिया. वहीं पर ओपी राजभर का पुतला फूंका. कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई. छात्रों और पुलिस में जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. पुलिस से छूटकर कार्यकर्ता बार-बार मंत्री आवास के गेट पर चढ़ने लगे. इस दौरान आवास के अंदर ईंट-पत्थर और जूते-चप्पल फेंके गए. कार्यकर्ताओं ने शोर मचाते हुए मंत्री को बाहर निकलने के लिए कहा. दो दिन पहले जहां पुलिस इन्हीं ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठी बरसा रही थी, वही पुलिस आज अपने कदम फूंक-फूंककर रख रही थी. कड़ी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने काबू पाया.

इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों की नेम प्लेट नोच डाली. मंत्री राजभर ने एक चैनल से बातचीत में कार्यकर्ताओं को गुंडा कहा था. इसी बात से कार्यकर्ता गुस्से में हैं. सोशल मीडिया पर भी मंत्री ओपी राजभर की ट्रोलिंग हो रही है. वहीं, आज शाम ही डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने घायल कार्यकर्ताओं से लखनऊ में मुलाकात की थी. कहा था- पुलिस ने सही नहीं किया. हाथ-पैर तोड़ना कतई स्वीकार नहीं है. ABVP बेहद सांस्कारिक संगठन है. वह अपनी जिम्मेदारी समझता है. पुलिस को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए.
कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने ओपी राजभर के आवास के अंदर पत्थर फेंके. कार्यकर्ता बोले- ओपी राजभर खुद गुंडा, हमारे संगठन को गुंडा कहा ABVP सदस्य पुष्पेंद्र बाजपेई ने कहा, हम लोग ओपी राजभर के आवास के बाहर जमा हुए थे. विद्यार्थियों और युवाओं से इनका घर घेर देंगे. विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे बड़ा और अनुशासित संगठन है, जो एक शैक्षिक परिवार की कल्पना करता है. ओम प्रकाश राजभर खुद गुंडा हैं और गुंडई के दम पर सरकार में आए हैं. जीवनभर गुंडई करने वाला, जाति की राजनीति करने वाला हमको गुंडा कह रहा है. जब तक इनका इस्तीफा नहीं ले लेंगे, छोड़ेंगे नहीं.

पूरे प्रदेश में इनके पुतले जलाए जाएंगे. ABVP के सदस्य विकास ने कहा, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अनुशासित और छात्र हितैषी संगठन को लेकर विवादित बयान दिया है. ABVP लगातार छात्र हितों में आवाज उठा रहा है. मगर उसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. बाराबंकी स्थित रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में जिस प्रकार एबीवीपी के सदस्यों और अन्य लोगों पर लाठियां बरसाई गईं, वह बेहद शर्मनाक है.
















Leave a Reply