बाराबंकी में ABVP छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद अब गाजीपुर में अंधेरे में भाजपाइयों पर बरसीं लाठियां

Spread the love

UP के बाराबंकी में एबीवीपी के छात्रों पर लाठीचार्ज का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ है कि अब गाजीपुर में भाजपाइयों पर लाठियां बरसी हैं. बिजली पोल गाड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद यहां के नोनहरा थाने पर जुटे और घेराव कर रहे भाजपाइयों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं. इसमें कई लोगों को चोटें लगी हैं. कमाल की बात तो यह है कि जिन लोगों के खिलाफ भाजपाई थाने का घेराव करने पहुंचे थे वह लोग भी भाजपा से ही जुड़े हुए हैं. दोनों पक्ष भाजपा से जुड़ा होने से पुलिस के हाथ पांव फूले हुए हैं.

नोनहरा थाना क्षेत्र के गठिया गांव निवासी ओंकार राय और अरविंद राय के बीच बिजली के खंभे को लेकर विवाद चल रहा है. अरविंद का कहना है कि ओंकार अपने ट्यूबेल पर कनेक्शन के लिए उनके खेत से बिजली का पोल ले जा रहे हैं जबकि वह अपने खेत से भी ले जा सकते हैं. अरविंद के पक्ष से गांव के पूर्व प्रधान विकास राय और शेरपुर गांव निवासी राजेश राय बागी 20 समर्थकों के साथ थाने पर पहुंच गए. थाने पर कासिमाबाद सीओ शुभम वर्मा भी पहुंचे. उन्होंने बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग मानने को तैयार नहीं थे.

देर रात तक पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. पुलिस ने रात एक बजे लोगों को घर जाने को कहा. जब नहीं माने तो लाठियां भांजनी शुरू कर दी. इसमें राजेश राय बागी, मिंटू सिंह और अरविंद राय को चोटें आईं। बवाल बड़ा तो बिरनो, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, भांवरकोल समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई. भोर में पुलिस शेरपुर गांव से राजेश राय बागी, गठिया से मिंटू राय, अरविंद राय को उठाकर थाने ले आई. सुबह राजेश के समर्थक पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे. विरोध को देखते हुए पुलिस ने तीनों लोगों को छोड़ दिया. प्रदर्शन के दौरान भाजपा के नोनहरा के मंडल अध्यक्ष सुरेश गिरि भी थे.

मामले में एसपी डॉ. ईरज राजा का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को देर रात होने के कारण समझाकर हटाया गया, लाठीचार्ज नहीं किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *