संभल में एक और मस्जिद के साथ 80 घरों पर बुलडोजर ऐक्शन की तैयारी, 15 दिन की नोटिस

Spread the love

UP के संभल में प्रशासन ने एक और मस्जिद सहित लगभग 80 अवैध मकानों को ध्वस्त करने की कवायद शुरू कर दी है. सदर तहसील के हातिम सराय क्षेत्र में तालाब की जमीन पर किए गए निर्माणों को हटाने के लिए मंगलवार को अधिकारियों ने नोटिस जारी कर दिए. पिछले ही हफ्ते सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को तोड़ा गया था.

तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तालाब की जमीन पर भूमाफिया ने अवैध रूप से प्लॉट बेच दिया है. सभी पक्षों को 15 दिनों का नोटिस जारी कर दिया गया है. यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो मस्जिद सहित सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत हो रही है और प्रभावित पक्षों को अपनी जमीन के वैध दस्तावेज पेश करने का मौका दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, हातिम सराय क्षेत्र में करीब 12-13 साल पहले एक बड़ी मस्जिद का निर्माण किया गया था. आरोप है कि तालाब की जमीन पर मस्जिद का निर्माण किया गया था. राजस्व टीम के सर्वेक्षण के दौरान कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति या मस्जिद के मुतवल्ली (प्रबंधक) ने खुद को आगे नहीं किया. इसलिए मस्जिद पर भी नोटिस चस्पा कर दिया गया. तहसीलदार ने कहा कि यदि नोटिस अवधि में उचित जवाब नहीं आया तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार को 30-40 अवैध प्लॉटों पर लाल निशान लगाए गए हैं. पूर्ण सीमांकन में कुछ और दिन लग सकते हैं. कहा कि लोगों को तहसील में हाजिर होकर जमीन के दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं.

उन्हें स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया है, लेकिन यदि वैध कागजात नहीं दिखाए तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी. अभी तक किसी भी पक्ष से कोई जवाब नहीं आया है. यह कार्रवाई संभल जिले में भूमि अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है, जहां हाल के महीनों में कई अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा चुके हैं.

इससे पहले राया बूढ़ गांव में 2 अक्टूबर को एक मस्जिद और 30,000 वर्ग फुट का विवाह भवन जमींदोज कर दिया गया. दोनों तालाब की जमीन पर बने थे. मस्जिद का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट भी गया लेकिन मस्जिद प्रबंधन की याचिका खारिज कर दी गई थी. विध्वंस के खिलाफ दायर की गई याचिका पर हाईकोर्ट ने कहा कि नोटिस और सुनवाई का प्रावधान पहले ही पूरा हो चुका था. जून में चंदौसी में रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद के साथ 34 घरों का भी विध्वंस हुआ था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *