गोरखपुर में टीचर ने पड़ौस के बच्चे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 10 थप्पड़ जडे, तोड़ा दांत

Spread the love

गोरखपुर में टीचर ने क्लास-3 के बच्चे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. बाल नोचकर चेहरे पर 10 थप्पड़ जड़े. गर्दन पकड़कर घसीटते हुए घर के अंदर ले गया और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारा. मुक्का मारकर एक दांत तोड़ दिया.

30 मिनट बाद उसे छोड़ा. इसके बाद बच्चा घर पहुंचा. मां-पिता से पूरी बात बताई। मां-पिता शिकायत करने घर पहुंचे तो आरोपी उनसे झगड़ने लगा. इसके बाद घरवालों ने पुलिस को जानकारी दी.

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी के बेटे का बच्चे से क्रिकेट की बॉल को लेकर झगड़ा हो गया था. इसके बाद आरोपी ने बच्चे को पीटा है. आरोपी बिहार के सरकारी स्कूल में टीचर है. घटना तिवारीपुर थाना क्षेत्र में 21 अक्टूबर को हुई, लेकिन उसका वीडियो कल (23 अक्टूबर) सामने आया.

दयानंद शर्मा तिवारीपुर थाना क्षेत्र के संकट मोचन नगर में रहते हैं. वह बैंक रोड स्थित डॉक्टर के यहां एकाउंटेंट का काम करते हैं. उन्होंने बताया, ‘मेरे 3 बेटे हैं. सबसे छोटा 8 साल का बेटा सूर्यांश शर्मा कक्षा-3 में पढ़ता है. 21 अक्टूबर को कॉलोनी में दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी उसे एक क्रिकेट बॉल नाली में पड़ी दिखी. उसने नाली से बॉल निकाली. इसी बीच सूर्यांश के साथ खेलने वाला पड़ोस का बच्चा पहुंच गया. बॉल को लेकर सूर्यांश का उससे विवाद हो गया. इस दौरान उसके पिता आ गए.

वह बिहार में सरकारी टीचर हैं. उन्होंने सूर्यांश को दौड़ाकर पकड़ लिया. किसी तरह सूर्यांश उनके चंगुल से छूटकर भागा. सूर्यांश चिल्लाते हुए भाग रहा था. मगर आरोपी टीचर ने मेरे बेटे को दौड़ाकर पकड़ लिया. टीचर ने पहले सड़क पर गिराकर मेरे बेटे को पीटा. इसके बाद सूर्यांश के बाल पकड़कर उसके चेहरे पर 10 से अधिक थप्पड़ मारे, फिर उसकी गर्दन पकड़कर मारते हुए अपने घर ले गया.

30 मिनट बाद मेरा बेटा किसी तरह से टीचर के घर से भागकर आ गया. बेटे ने मुझे बताया कि आरोपी उसे कमरे में बंद कर पीट रहा था. कहा- जब तुम्हारे मां-बाप आएंगे, तभी छोड़ेंगे. इसी बीच आरोपी ने दरवाजा खोला और वह मौका देखकर भाग निकला. जब मैं और मेरी पत्नी शिकायत करने पहुंचे तो वह मुझे धमकी देने लगा, अभद्रता की और झगड़ा करने लगा. इसके बाद मैंने 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई. आरोपी टीचर मेरे घर से 200 मीटर की दूरी पर रहता है. वह अपने परिवार के साथ किराए के घर में रहता है.’

सूर्यांश के पिता बोले- पिटाई से बेटा दहशत में पिता ने बताया, ‘पुलिस ने बातचीत की, फिर थाने पर आने के लिए कहा. हमने थाने में तहरीर दी. इस घटना के बाद से ही मेरा बेटा डर गया है. घर से कहीं बाहर नहीं निकल रहा है.’ तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया, ‘तहरीर मिली है. जांच-पड़ताल की जा रही है. बच्चे का मेडिकल कराया गया है. जांच कर कार्रवाई की जाएगी.’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *