मुरादाबाद के रेस्टोरेंट में 5 सिलेंडर फटे: महिला की मौत, 10 लोग बुरी तरह झुलसे

Spread the love

UP के मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित परी रेस्टोरेंट में रविवार रात साढ़े दस बजे भीषण आग लग गई. हादसा उस वक्त हुआ, जब रेस्टोरेंट बंद हो चुका था और ऊपर की मंजिल पर संचालक का परिवार मौजूद था. इस दौरान रेस्टोरेंट में रखे चार-पांच गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया. घबराए कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी. सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर करीब दर्जनभर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. दम घुटने और ऊंचाई से गिरने के कारण घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रेस्टोरेंट संचालक की मां की मौत हो गई, जबकि आठ लोग अभी भी उपचाराधीन हैं.

घटना रामपुर रोड, मुस्तफाबाद स्थित प्रेम वंडरलैंड के सामने बने प्रदीप श्रीवास्तव के तीन मंजिला मकान में हुई. ग्राउंड फ्लोर पर उनकी बेटी के नाम से ‘परी रेस्टोरेंट’ संचालित है, जबकि परिवार ऊपरी मंजिलों पर रहता है। बताया गया कि रात करीब साढ़े दस बजे रेस्टोरेंट बंद हो चुका था. रसोई में केवल कारीगर अजय परिवार के लिए खाना बना रहा था. इसी दौरान अचानक रसोई में आग भड़क उठी. अजय किसी तरह बाहर निकलकर ऊपरी मंजिल की ओर भागा. तभी रसोई में रखे चार-पांच सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे.

सूचना पाकर पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. दमकलकर्मियों और पुलिस ने तीसरी मंजिल पर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला. इस दौरान एक महिला और दो बच्चों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान रेस्टोरेंट संचालक की मां माया श्रीवास्तव (56) की मौत हो गई.

धमाकों संग फटे सिलेंडर, मची चीख-पुकार: रेस्टारेंट में आग लगी तो आसपास की अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी थीं. सड़क पर कम लोग थे. जब रेस्टारेंट के आगे प्लास्टिक शेड और रसोई के हिस्से में आग लगी तो किसी को पता भी नहीं चला, लेकिन थोड़ी देर बाद जब रसोई में रखे गैस सीलेंडर धमाके के साथ फटे उससे आग की लपटें उठी तो अफरा-तफरी मच गई. रेस्टोरेंट के पहली मंजिल पर रह रहे परिवार के लोग धुआं वहां पहुंचने पर सबसे ऊंपरी मंजिल पर पहुंच गए, हालांकि वहां भी धुआं भरने लगा. तब लोगों ने कॉल करके पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दे थी.

आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए थे: सूचना पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता, एसएचओ कटघर संजय कुमार और सीएफओ ज्ञान प्रकाश शर्मा तत्काल मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया. रेलिंग की मदद से ऊंपर फंसे लोगों को किसी तरह बगल के मकान की ओर पहली मंजिल तक उतारा गया. तब तक आग और फैल गई थी तो महिलाएं और बच्चे पहली मंजिल से ही नीचे छलांग लगाने लगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *