अयोध्या रेप कांड के आरोपी समाजवादी पार्टी नेता मोईद खान के मल्टी कॉम्प्लेक्स पर आज बुलडोजर का एक्शन हो सकता है. प्रशासन अबतक बैंक के शिफ्ट होने का इंतजार कर रहा था. अब बैंक दूसरी जगह शिफ्ट हो गई है. इसके अलावा अन्य कॉम्प्लेक्स में चल रहे दूसरे प्रतिष्ठानों को भी खाली करवा लिया गया है. इस कॉम्प्लेक्स से बिजली भी काट दी गई है, जिसके बाद अब किसी भी समय बुलडोजर का एक्शन शुरू हो सकता है. इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति खूब गरमाई हुई है.
बताया गया है कि इस मल्टी कॉम्प्लेक्स का एक तिहाई हिस्सा अवैध बना हुआ है, जिसकी जद में सरकारी बैंक भी आ रहा था, जिसके बाद प्रशासन की ओर से अवैध हिस्से में चल रही दुकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया था. इसके बाद से ही लोगों ने यहां से दुकानें खाली करना शुरू कर दिया गया था और अब यहां से बैंक समेत सभा दुकानें खाली हो गई हैं. अब किसी भी समय इस अवैध कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की जा सकती है. बुलडोजर एक्शन से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा चुके हैं. इससे पहले मोईद खान की बेकरी को भी बुलडोजर से ढहा दिया गया है.
क्या है पूरा घटना?
अयोध्या रेप की ये घटना अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र की है, जहां एक नाबालिग से दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करके बारी-बारी रेप करते रहे. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता दो महीने की गर्भवती हो गई. पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की लेकिन आरोप है कि शुरू में इसपर कोई एक्शन नहीं लिया गया. बाद में जब हिंदू संगठनों के साथ निषाद पार्टी के लोगों ने आक्रोश जताया तो पुलिस ने सपा के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान और उसकी बेकरी पर काम करने वाले राजू को गिरफ्तार किया.
पीड़ित बच्ची की मां ने सीएम योगी से की थी मुलाकात
पीड़ित बच्ची की मां ने बीते 2 अगस्त को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. इस दौरान सीएम ने सपा नेता मोईद खान समेत अन्य आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. जिसके बाद थाना प्रभारी और चौकी को सस्पेंड कर दिया गया. इसके अलावा आरोपी की संपत्ति की जांच शुरू हुई और उसकी अवैध बेकरी पर भी बुलडोजर का एक्शन हुआ. पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. मोइद खान पर तालाब और कब्रिस्तान के साथ कई सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप है.
इस मामले को लेकर यूपी की सियासत भी गरम है. जहां बीजेपी लगातार आरोपी पर एक्शन लेने की बात कर रही है वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी की ओर से मांग की जा रही है कि आरोपी और पीड़िता का नार्को टेस्ट होना चाहिए.















Leave a Reply