बदायूं में आसमान से गिरी 50 कि ग्रा की बर्फ की सिल्ली: लोग बाल-बाल बचे, SDM बोले- जांच करवा रहे

Spread the love

UP के बदायूं में रविवार सुबह 9 बजे आसमान से अचानक बर्फ की सिल्ली गिर गई, जिसका वजन 20 से 50 किलो बताया जा रहा है. उस समय ईंट-भट्टे पर लोग काम कर रहे थे, जो बाल-बाल बच गए.

इसका पता चलते ही आसपास के लोग जुट गए हैं. जांच के लिए पुलिस टीम भी पहुंच गई. इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने कहा- यह कुदरत का करिश्मा है. SDM प्रेमपाल सिंह ने बताया- सीनियर अफसरों को मामले की जानकारी दी गई है. मामले की जांच करवा रहे हैं. मामला शहर के बिल्सी मोहल्ले का है.

4 एक्सपर्ट ये बोले-

➤लखनऊ के मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा- इस सीजन में ओले नहीं गिरते हैं. संभवत: यह प्लेन से गिरा होगा, इसकी जांच होनी चाहिए;

➤कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर SN. सुनील पांडेय ने बताया कि आसमान में तापमान माइनस में रहता है. वहां पर जब मॉइश्चर की वजह से कई सारी बूंदें इकट्ठा हो जाती हैं, तो वे आपस में मिलकर बर्फ बन जाती हैं. अक्सर ऐसा होता है कि वह पिघलकर नीचे गिर पड़ती है;

➤वाराणसी एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा- इस तरह से कोई बर्फ की सिल्ली फ्लाइट से जमीन पर नहीं गिरती है. प्रशासन को इसकी जांच करानी चाहिए, ताकि मामला स्पष्ट हो सके;

➤गोरखपुर की दीनदयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी के भूगोल के रिटायर्ड प्रोफेसर करुणानिधान ने कहा- आसमान में जब तापमान शून्य से अचानक नीचे चला जाता है और दो परतों का तापमान अलग-अलग होता है तो बर्फ या ओला गिरने की प्रक्रिया होती है. हालांकि, एक बर्फ की सिल्ली गिरने का मामला कुछ अलग है। संभव है फ्लाइट के गुजरते वक्त उसका वेस्ट गिराया गया हो. इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए;

प्रत्यक्षदर्शियों ने यह बताया

➤वीर सिंह ने बताया, ‘मैं पूरे परिवार के साथ भट्टे पर काम कर रहा था, तभी आसमान से बर्फ की सिल्ली मेरे पास गिर गई. उसके कई टुकड़े दूर-दूर तक जाकर गिरे. भट्‌टे पर नंदनी, सोमेंद्र, काजल, पूनम और संगीता काम कर रहे थे, जो बाल-बाल बचे.’

➤सोमेंद्र यादव ने कहा, ‘ आज सुबह करीब 9 बजे आसमान से बर्फ की सिल्ली गिरी. नीचे ईंट-भट्टे पर बच्चे काम कर रहे थे. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. सभी बच गए. उस वक्त मैं भी वहां पर मौजूद था.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *