मुझसे शादी करोगी? मना करने पर गला रेतकर मार डाला,10 मिनट तक तड़पती रही

Spread the love

लखनऊ में एक युवक ने घर में घुसकर बीएससी की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद बाइक से भाग गया. छात्रा 10 मिनट तक जमीन पर पड़ी तड़पती रही. फिर घर के दरवाजे पर ही दम तोड़ दिया.

छात्रा का नाम प्रियांशी रावत था. गला रेतने का आरोप आलोक नाम के लड़के पर है. दोनों की शादी तय हुई थी, लेकिन बाद में लड़की के परिवारवालों ने शादी करने से मना कर दिया था. वजह थी, लड़का शराब पीने का आदी था। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की. वारदात रविवार को मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में हुई.

ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया- आलोक कुमार पुत्र सतीश कुमार ने हत्या की है. उसे पकड़ने के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं.

प्रियांशी की हत्या की खबर मिलते ही उसके घर के बाहर पूरे गांव के लोग इकट्ठा हो गए. धर्मावतखेड़ा गांव में प्रियांशी रावत (19) रहती थी. उसके पिता रमेश रावत की करीब 3 साल पहले मौत हो चुकी है. घर में मां पूनम और एक छोटी बहन महक रहती है. मां पीजीआई इलाके में काम करती है. रविवार को मां पूनम अपने काम पर चली गई. घर में प्रियांशी और महक थीं. उसने आकर कहा- तुम्हारी दीदी से बात करनी है. महक ने बताया कि आलोक आया था. उसने हमारे घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बाइक खड़ी कर दी. इसके बाद वह घर आया और पूछा कि दीदी कहां है? हमने कहा कि सो रही है. वह ऊपर चला गया और कहने लगा कि उन्हें भेज दो. मेरे कहने पर दीदी ऊपर गई, तो आलोक ने पूछा कि शादी करोगी या नहीं? दीदी ने मना किया.

10 मिनट तक वह तड़पती रही: इसके बाद आलोक ने जेब से चाकू निकाला और दीदी का गला काट दिया. दीदी की चीख सुनकर मैं ऊपर की तरफ भागी, तो आलोक दौड़कर नीचे आया और बाइक से भाग गया. मैंने देखा, तो दीदी सीढ़ी से नीचे की तरफ आ रही थी. उसके गले से खून बह रहा था. करीब 10 मिनट तक वह तड़पती रही, फिर उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने रोका शव, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े: बेटी की हत्या के बाद घरवालों ने पुलिस को पोस्टमॉर्टम के लिए शव ले जाने से रोक दिया. घरवालों ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, शव नहीं भेजने देंगे. हालांकि, पुलिस के काफी समझाने पर घरवाले राजी हुए और पुलिस पोस्टमॉर्टम के लिए शव ले गई.

पुलिस आसपास के सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और प्रियांशी के रिश्तों की जांच कर रही है. घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. फिलहाल आरोपी आलोक फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *