दिल्ली में पारा 5 डिग्री तक गिरने के साथ ही कंपकंपी वाली ठंड शुरू, IMD ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को शीतलहर की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते दिल्ली का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच सकता है. इस बीच, बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान सामान्य से नीचे रहे. सफदरजंग में इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा.

दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है. यह इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान है. विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 05 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

कोल्ड वेव का अलर्ट अब भी जारी: मौसम विभाग ने पहले 2 से 5 दिसंबर तक दिल्ली के कुछ इलाकों में कोल्ड वेव की चेतावनी दी थी. मंगलवार को हवा की दिशा बदलने से अलर्ट कुछ कम हुआ था, लेकिन अब फिर ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं लौट आई हैं. मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि 5 दिसंबर तक तापमान और गिरेगा। न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच रह सकता है. गुरुवार को भी दिन का पारा 23 डिग्री के आसपास ही रहेगा.

पिछले साल से पहले आई इतनी ठंड: दिल्ली में दिसंबर के शुरुआती दिनों में इतनी ठंड आमतौर पर नहीं पड़ती. पिछले साल सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री 12 और 16 दिसंबर को दर्ज हुआ था. इस बार सर्दी ने दिसंबर शुरू होते ही जोर पकड़ लिया है.

प्रदूषण ने फिर बढ़ाई मुसीबत: ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने भी लोगों का जीना मुहाल कर रखा है. बुधवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 376 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है. दोपहर 4 बजे तक यह 342 पर आया, लेकिन अभी भी ‘बहुत खराब’ ही है. नेहरू नगर में कुछ देर के लिए AQI 436 तक पहुंच गया था. शाम तक सभी स्टेशनों का स्तर ‘बहुत खराब’ और ‘खराब’ श्रेणी में रहा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हवा की गति बढ़ने से अब ‘गंभीर’ स्तर पर जाने का खतरा टल गया है, लेकिन 6 दिसंबर तक AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *