कोडीन सिरप कांड में बड़ा एक्शन! 50 हजार के इनामी शुभम पर लुकआउट नोटिस जारी

Spread the love

कोडीनयुक्त कफ सिरप की अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है. कमिश्नरेट पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सरगना शुभम जायसवाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ सोमवार को लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही सोनभद्र पुलिस ने भी एक अन्य आरोपी के खिलाफ अलग से लुकआउट नोटिस जारी कराया है. अब देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और बंदरगाहों पर आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

इन 4 के खिलाफ जारी हुआ लुकआउट नोटिस: डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस की संस्तुति पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने यह नोटिस जारी किया है. जिन आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हुआ है, उनमें प्रह्लादघाट कायस्थ टोला का मूल निवासी और गिरोह का मुख्य सरगना शुभम जायसवाल, खोजवां निवासी दिवेश जायसवाल, सिद्धमाता लेन गोलघर मैदागिन निवासी आकाश पाठक और सोनिया थाना क्षेत्र के काजीपुरा खुर्द निवासी अमित जायसवाल शामिल हैं.

बांग्लादेश तक होती थी कफ सिरप की तस्करी: जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी शुभम जायसवाल के साथ मिलकर कफ सिरप तस्करी के पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे. बोगस फर्मों का निर्माण, उनके नाम पर बड़ी खेप मंगवाना और फिर अलग-अलग स्थानों पर खपाने के ठोस सबूत पुलिस को मिले हैं. इतना ही नहीं, कफ सिरप को बांग्लादेश तक तस्करी किए जाने के भी पुख्ता प्रमाण जांच एजेंसियों के हाथ लगे हैं.

भदोई के रवि गुप्ता के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस: उधर, सोनभद्र पुलिस ने भदोही जिले के नई बाजार चांदनी चौक निवासी निशांत कुमार गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी कराया है. सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, इस तस्करी कांड में शुभम जायसवाल और सहारनपुर के सरसावा देहात निवासी विशाल उपाध्याय के खिलाफ पहले से ही लुकआउट नोटिस प्रभावी है.

लगातार जारी हो रहे लुकआउट नोटिस से यह साफ हो गया है कि पुलिस इस तस्करी गिरोह को देश और विदेश में कहीं भी छिपने का मौका नहीं देना चाहती. आने वाले दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जांच और तेज किए जाने के संकेत मिल रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *