महाकाली और भद्रकाली कौन हैं? जानें देवी के 4 दिव्य स्वरूपों की रहस्यमयी कथा

Spread the love

सनातन धर्म में मां काली को शक्ति और संहार की देवी कहा गया है. उनका स्वरूप बेहद रहस्मयी और प्रभावशाली है. कहते हैं कि आदि शक्ति का उग्र रूप बुराई का नाश करती है. शास्त्रों के अनुसार, भगवान शिव महाकाल हैं, तो देवी काली उनकी शक्ति हैं. उनके बिना शिव भी निराकार हैं. अक्सर लोग मां काली को सिर्फ विनाश की देवी मानते हैं, लेकिन उनके विभिन्न स्वरूप यह संदेश देते हैं कि वे रक्षक, ममतामयी मां और मोक्षदायिनी भी हैं. ऐसे में आइए, मां काली के चार प्रमुख स्वरूपों की महिमा और उनके पीछे छिपी पौराणिक कथाओं को जानते हैं.

कौन हैं दक्षिणा काली? दक्षिणा काली मां का वह स्वरूप है, जिसे गृहस्थों के लिए सबसे अधिक शुभ और फलदायी माना जाता है. पौराणिक कथा के अनुसार, असुरों का वध करने के बाद देवी काली इतनी क्रोधित थीं कि उनका तांडव सृष्टि को नष्ट कर सकता था. तब भगवान शिव उनके चरणों में लेट गए. जैसे ही देवी के पैर शिवजी की शरीर पर पड़े, उनका क्रोध शांत हो गया और वे दक्षिण दिशा की ओर मुख करके खड़ी हो गईं. देवी का यह रूप भक्तों को भय से मुक्ति दिलाता है.इसके अलावा वे अपने भक्तों की हर पुकार सुनती हैं और उनका कल्याण करती हैं.

श्मशान काली का महत्व: श्मशान काली का स्वरूप जितना डरावना प्रतीत होता है, उतना ही गहरा इसका अर्थ है. तांत्रिक साधनाओं में मां काली का यह रूप श्मशान में निवास करने वाला माना गया है. श्मशान वह स्थान है जहां मनुष्य का अहंकार, माया और शरीर सब राख हो जाते हैं. आदिशक्ति का यह स्वरूप इस बात का संदेश देता है कि मृत्यु ही जीवन का अंतिम सत्य है. श्मशान काली की साधना इंसान का डर समाप्त हो जाता है. इसके साथ ही उनकी उपासना से व्यक्ति वैराग्य की ओर बढ़ने लगता है.

भद्रकाली कौन हैं? ‘भद्र’ शब्द का अर्थ है-कल्याण. भद्रकाली वह शक्ति हैं जो भक्तों के लिए मंगलकारी और अधर्मियों के लिए काल हैं. पौराणिक कथा के अनुसार, जब राजा दक्ष ने यज्ञ में महादेव का अपमान किया और माता सती ने देह त्याग दी, तब शिव के क्रोध से वीरभद्र और भद्रकाली प्रकट हुए थे. उन्होंने न सिर्फ दक्ष के यज्ञ का विध्वंस किया, बल्कि संसार को मर्यादा और धर्म का पाठ पढ़ाया. भद्रकाली श्रीकुल परंपरा से जुड़ी हैं और वे धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहती हैं. उनकी उपासना से घर में सुख और समृद्धि का वास होता है.

महाकाली की महिमा:
महाकाली को ब्रह्मांड की आदि और अंत की शक्ति माना गया है. वे सिर्फ मृत्यु की देवी नहीं, बल्कि खुद काल की नियंता हैं. पौराणिक कथा के मुताबिक, जब चंड-मुंड और रक्तबीज जैसे भयानक असुरों ने देवताओं को पराजित कर दिया, तब देवी दुर्गा के ललाट से अत्यंत क्रोधित महाकाली प्रकट हुईं. उन्होंने ब्रह्मांड को असुरों के आतंक से मुक्त कराया. मान्यता है कि महाकाली समय और मृत्यु की सीमाओं से परे हैं. वे मोक्ष प्रदान करने वाली देवी हैं. जो भक्त उनकी शरण में जाता है, उसे काल का भय नहीं सताता क्योंकि काल भी उनके अधीन रहता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *