UP के हरदोई में 7 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. आरोपी पर 50 हजार का इनाम रखा गया था. मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और चोरी की बाइक बरामद की है.
हरदोई में मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ गांव में 7 साल मासूम अबू सालेह के अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस जघन्य अपराध में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहनूर उर्फ शहनूर उर्फ मेहनुद्दीन को बुधवार (06 मई 2026) को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया.

मृत 7 वर्षीय मासूम अबू सालेह
घटना 1 मई की है, जब मटियामऊ निवासी अकील का 7 वर्षीय बेटा अबू सालेह गांव में लगे उर्स मेले से लापता हो गया था. परिजनों ने 2 मई को मल्लावां कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई. इसी बीच 3 मई को अपहरणकर्ता ने फोन कर 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी और डेढ़ लाख रुपये यूपीआई के जरिए भेजने का दबाव बनाया. पुलिस टीम सर्विलांस के जरिए लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही. तलाश के दौरान 5 मई को मासूम का शव गांव के पास मक्के के खेत में गड्ढा खोदकर दबा हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
50 हजार रुपये का इनाम था घोषित: मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी लखनऊ रेंज की ओर से आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. बुधवार को पुलिस और सर्विलांस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बाबटमऊ के पास एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया. पुलिस के रोकने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी मेहनूर के सीने में लगी, जबकि उसकी गोली से एसओजी प्रभारी राजेश कुमार घायल हो गए. दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया.
मेले से किया था मासूम का अपहरण: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल और .32 बोर का एक पिस्टल व कारतूस भी बरामद की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेहनूर उर्फ शहनूर उर्फ मेहनुद्दीन पुत्र मोईन निवासी ग्राम रोरा निस्तौली थाना चठिया जनपद कन्नौज भी उर्स मेले में आया था और उसने मासूम का वहीं से अपहरण कर उसके साथ दरिंदगी की और फिर पहचान छिपाने के लिए हत्या कर शव को खेत में दफना दिया था. इसके बाद आरोपी ने उसके पिता से फोन पर सात लाख रुपए की फिरौती मांगी थी.
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है.
















Leave a Reply