हरदोई में 7 लाख फिरौती न मिलने पर बच्चे की हत्या कर गड्ढे में गाड़ा, 2 आरोपी कानपुर में दबोचे गए

Spread the love

हरदोई में 7 लाख की फिरौती न मिलने पर बदमाशों ने 7 साल के बच्चे की हत्या कर दी. लाश को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया. कानपुर से पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर खेत से बच्चे का शव बरामद किया. बच्चे के चेहरे और सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं.

मासूम का शव बरामद होने के बाद लोग बच्चे के घर के बाहर इकट्ठे हो गए. आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे. पुलिस ने उन्हें समझाया. तनाव को देखते हुए गांव में कई थानों की फोर्स और पीएसी को तैनात किया गया है. फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है. वारदात के समय बच्चा उर्स देखने गया था. घटना मल्लावां थाना क्षेत्र की है.

पुलिस को खेत में इस हालत में बच्चे की बॉडी मिली. उसे मिट्टी में दबाया गया था.

मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ गांव में अकील परिवार के साथ रहते हैं. उनकी मटिया मऊ में कॉस्मेटिक की जनरल शॉप है. वह मस्जिद में हाफिज भी हैं. सोमवार को उनका 7 साल का बेटा अबू सालेह घर के पास उर्स मेले में गया था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई.

3 मई को अबू सालेह के पिता अकील को एक फोन आया. कॉल करने वाले ने कहा- तुम्हारा बेटा हमारे पास है. उसकी जान के बदले 7 लाख रुपए चाहिए. बदमाशों ने यूपीआई नंबर कंफर्म कराने के लिए पिता से ऑनलाइन 100 रुपए भी ट्रांसफर करवाए. बाकी पैसों के लिए परिजनों ने मोहलत मांगी. हालांकि, बाद में पैसा देने से इनकार कर दिया और पुलिस को सूचना दी.

बच्चे का शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठे हो गए. कार्रवाई की मांग करने लगे.

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया: पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जिस नंबर से फिरौती के लिए कॉल आई थी, उसे ट्रेस करते हुए टीम कानपुर पहुंची। यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 5 मई की शाम 3.30 बजे घर से 500 मीटर दूर मदरसे के पीछे मकई के खेत में अबू का शव गड्ढे से बरामद किया।

परिजनों का आरोप है पुलिस को अपहरण और फिरौती की जानकारी समय रहते दी गई थी। लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सिर्फ कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके चलते बदमाशों ने हमारे बेटे को मार डाला।

एएसपी (पूर्वी) सुबोध गौतम ने बताया- मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी। संभावित स्थानों पर दबिश भी दी गई। बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *