भारत की जीत के लिए मंदिरों में गूंजे मंत्र, संगम नगरी से बलिया तक क्रिकेट प्रेमियों की विशेष पूजा

Spread the love

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आज भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस अहम मैच पर टिकी हैं. टीम इंडिया की जीत की कामना के लिए जगह-जगह पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं. होली के रंग अभी फीके भी नहीं पड़े कि क्रिकेट का जुनून लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगा है.

टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की.

संगम नगरी प्रयागराज में खिलाड़ियों की तस्वीर संग विशेष पूजा: संगम नगरी प्रयागराज में खेल प्रेमियों ने भारतीय टीम की जीत के लिए मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की.गुरुवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रशंसकों ने भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीर मंदिर में स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की. क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों की तस्वीरों पर अबीर-गुलाल लगाकर अनोखे अंदाज में होली भी खेली और भारत की जीत की कामना की.भक्तों का कहना है कि जिस तरह देश ने होली का पर्व उल्लास के साथ मनाया, उसी तरह आज टीम इंडिया जीत का रंग पूरे देश में बिखेरेगी.

बलिया में क्रिकेट प्रेमियों का जोश हाई: वहीं बलिया जिले में भी भारत-इंग्लैंड मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में गजब का उत्साह देखने को मिला. हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे लगाए और टीम इंडिया की जीत का भरोसा जताया. क्रिकेट फैन्स का कहना है कि होली तो सभी ने मना ली है, लेकिन असली दिवाली भारत की जीत के बाद मनाई जाएगी. 

खिलाड़ियों से जीत की उम्मीद: फैंस का मानना है कि जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन जैसे स्टार खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम हर विभाग में मजबूत नजर आ रही है.आंकड़ों के आधार पर भी भारत का पलड़ा इंग्लैंड पर भारी बताया जा रहा है. क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाएगी और देशवासियों को जीत का तोहफा देगी.

जीत की दुआओं के साथ मैच का इंतजार: देशभर में मंदिरों, चौराहों और खेल मैदानों में दुआओं और उत्साह का माहौल है. हर क्रिकेट प्रेमी की जुबान पर बस एक ही नारा आज जीतेगा इंडिया. अब सभी की निगाहें इस रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां करोड़ों भारतीयों की उम्मीदें टीम इंडिया से जुड़ी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *