सेमीफाइनल में भारत की जीत का टर्न‍िंग पॉइंट ये था, इससे पलटा मैच; सूर्यकुमार यादव का खुलासा

Spread the love

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली. जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारत में वर्ल्ड कप खेलना और टीम की अगुवाई करना उनके लिए बेहद खास एहसास है, खासकर तब जब फाइनल अहमदाबाद में खेला जाना है.

सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा- यह अविश्वसनीय अहसास है. भारत में खेलना, इतनी शानदार टीम की कप्तानी करना और यहां वर्ल्ड कप खेलना बेहद खास है. अब फाइनल खेलने अहमदाबाद जाना हम सभी खिलाड़ियों के लिए बहुत विशेष पल है. पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में दौरान सूर्या ने यह भी बताया कि मैच का टर्न‍िंंग पॉइंट क्या था.  

सैमसन के 89 रन पर सूर्या ने क्या कहा? सूर्यकुमार यादव ने मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले संजू सैमसन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सैमसन मैदान पर उतरते ही जानते थे कि उन्हें क्या करना है.

उन्होंने कहा- जैसे ही वह बल्लेबाजी के लिए गए, उन्हें पता था कि उन्हें क्या करना है. विकेट अच्छा था, इसलिए जब भी विकेट गिरा उन्होंने आक्रामकता बनाए रखी. टीम को जिस तरह की पारी की जरूरत थी, उन्होंने बिल्कुल वैसी ही बल्लेबाजी की. पिछले एक साल से वह जिस मेहनत में लगे थे, उसका आज उन्हें इनाम मिला.

बुमराह और गेंदबाजों ने पलटा मैच सूर्यकुमार ने माना कि मैच के अहम मोड़ पर भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और वहीं से मुकाबला भारत की तरफ झुक गया. उन्होंने कहा- जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और बाकी गेंदबाजों ने जिस तरह मैच को वापस खींचा, वह अविश्वसनीय था. हम जानते हैं कि बुमराह भारत के लिए वर्षों से क्या करते आए हैं. आज भी उन्होंने वही किया और मैच हमसे दूर नहीं जाने दिया. 

वैसे बुमराह ने 18वें ओवर में महज 6 रन द‍िए.वहीं अक्षर के कैच और हार्द‍िक का 19वां ओवर भी अहम रहा, जहां 9 रन आए. 

इंग्लैंड के कप्तान से सूर्या ने पूछा-क‍ितना स्कोर बनाएं? इंग्लैंड के रनचेज़ के दौरान मुकाबला काफी रोमांचक हो गया था. इस पर सूर्यकुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक से पूछा कि आखिर उनके खिलाफ कितना स्कोर बनाना पड़ेगा.

उन्होंने कहा-ओह माय गॉड! मैंने हैरी ब्रुक से कहा कि आखिर तुम्हारे खिलाफ कितना स्कोर बनाना पड़ेगा. लेकिन सच कहूं तो विकेट बहुत अच्छा था. जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, उसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है. वे पूरे मैच में मुकाबले में बने हुए थे.

फील्डिंग कोच दिलीप टी के बारे में सूर्या ने क्या कहा?  भारतीय कप्तान ने टीम की शानदार फील्डिंग के लिए फील्डिंग कोच दिलीप टी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा- हमें अपने फील्डिंग कोच दिलीप टी को भी श्रेय देना चाहिए. वह अभ्यास सत्रों में खिलाड़ियों के साथ जिस तरह काम करते हैं और उसे मजेदार व प्रतिस्पर्धी बनाते हैं, उसका असर मैदान पर साफ दिखता है. खिलाड़ी व्यक्तिगत सत्रों के बाद भी टीम के लिए अतिरिक्त मेहनत करते हैं.

शिवम दुबे को प्रमोट क्यों किया? सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि टीम में नंबर तीन तक सब कुछ तय था, इसलिए बदलाव नहीं करना चाहते थे. लेकिन एक खास मैच-अप को देखते हुए शिवम दुबे को ऊपर भेजा गया. सूर्या ने कहा- टीम में नंबर तीन तक सब कुछ तय है, इसलिए हम बदलाव नहीं करना चाहते थे. लेकिन जब हमने देखा कि एक छोर से राशिद गेंदबाजी कर रहे हैं, तो शिवम दुबे उस मैच-अप के लिए सही विकल्प थे. अगर मैंने पिछले मैच में 50 या 100 भी बनाए होते और टीम को यह बदलाव चाहिए होता, तो भी यही फैसला सही रहता.

मैच के दौरान बढ़ी दिल की धड़कन: सूर्यकुमार ने स्वीकार किया कि मुकाबले के दौरान वह काफी नर्वस भी थे.उन्होंने हंसते हुए कहा- मैं बहुत नर्वस था. अगर किसी ने मेरी हार्ट रेट चेक की होती तो वह 160-175 तक होती. लेकिन यही तो खेल का हिस्सा है. सूर्यकुमार ने वानखेड़े के दर्शकों का भी जिक्र किया और कहा कि मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम लगभग भर चुका था.

उन्होंने कहा- जब हम वॉर्म-अप के लिए मैदान पर आए तो स्टेडियम लगभग 75–80 प्रतिशत भर चुका था. इससे पता चलता है कि लोग भारत को जीतते देखना चाहते थे. उम्मीद है कि हमने फाइनल से पहले उन्हें शानदार शो दिया.”

T20 वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर क्या है तैयारी? भारतीय कप्तान ने माना कि फाइनल में दबाव जरूर होगा, लेकिन पूरी टीम इसके लिए उत्साहित है.उन्होंने कहा- फाइनल में दबाव और नर्वसनेस जरूर होगी, खासकर भारत में खेलते हुए और खिताब जीतने की कोशिश में. लेकिन पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ इसके लिए बेहद उत्साहित है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *