जीत तक जारी रहेगी लड़ाई; ट्रंप के दावे के बीच ईरानी सेना का बड़ा ऐलान

Spread the love

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान के शीर्ष सैन्य कमान ने मंगलवार को बड़ा ऐलान किया है. ईरानी सेना का कहना है कि उसकी सशस्त्र सेनाएं पूर्ण विजय हासिल होने तक लड़ाई जारी रखेंगी. खातम-अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ईरान की शक्तिशाली सेनाएं देश की अखंडता की रक्षा में गर्वित, विजयी और अडिग हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संघर्ष पूर्ण विजय प्राप्त होने तक जारी रहेगा.

जनरल अलीबादी की ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के संदर्भ में आई हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत चल रही है. हालांकि, ईरान ने किसी भी तरह की प्रत्यक्ष वार्ता से इनकार किया है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ये जरूर कहा है कि वे क्षेत्रीय देशों के समकक्षों से संपर्क में हैं.

ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, जनरल अलीबादी ने कहा कि हमारी सशस्त्र सेनाएं ईरान की रक्षा में विजयी और दृढ़ हैं तथा पूर्ण विजय तक यह मार्ग जारी रहेगा. हालांकि इस दौरान उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ‘पूर्ण विजय’ का क्या अर्थ है, लेकिन यह अमेरिका के साथ किसी भी संभावित वार्ता में रियायत न देने की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है.

ट्रंप के दावों पर विवाद जारी दूसरी ओर ट्रंप के वार्ता संबंधी दावों पर विवाद जारी है. ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलिबफ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका के साथ कोई वार्ता नहीं हुई है. फर्जी खबरों का इस्तेमाल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर के लिए किया जा रहा है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब्बास अराघची ने इस सप्ताह अजरबैजान, मिस्र, ओमान, पाकिस्तान, रूस, दक्षिण कोरिया, तुर्किये और तुर्कमेनिस्तान के विदेश मंत्रियों से युद्ध पर चर्चा की है.

वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि अमेरिका द्वारा युद्धविराम पर विचार के बावजूद इजराइल ईरान और लेबनान पर हमले जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि अभी और हमले होंगे. दूसरी ओर ईरान ने इजराइल और खाड़ी के पड़ोसी देशों पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए, जबकि इजराइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर बमबारी की, जिसमें लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कम से कम दो लोग मारे गए.

वहीं, कुवैत में हवाई रक्षा प्रणाली के छर्रों से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे कई घंटों तक बिजली कटौती रही. बहरीन में मिसाइल अलर्ट सायरन बजे, जबकि सऊदी अरब ने 19 ईरानी ड्रोन नष्ट करने का दावा किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *