दूसरी शादी करने को बैठा था मंडप में, पुलिस कॉलर पकड़कर खींच ले गयी; केस दर्ज

Spread the love

UP के एटा में पुलिस दूल्हे को कॉलर पकड़कर मंडप से खींच ले गई। दूल्हा बिना तलाक लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दूसरी शादी कर रहा था। पुलिस के साथ पहुंची पहली पत्नी ने यह शादी रुकवा दी।

पहली पत्नी ने आरोप लगाया कि 3 साल से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। पति विवाह योजना में मिलने वाले एक लाख रुपए के लिए दूसरी शादी कर रहा था। मामला शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे का है।

मंडप में पति को दुल्हन के साथ देखा: मारहरा थाने के मीरा सराय गांव में आकाश (28) अपने परिवार के साथ रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है। घर में दो बहनें खुशबू (24), खुशी (22) और तीन भाई विकास (26), प्रवीण (18) व मंजीत (14) हैं।

आकाश की शादी 14 नवंबर, 2021 में अलीगंज थाने के चमन नगरिया गांव की सोनी (27) से हुई थी। सोनी का कहना है कि शादी के बाद आकाश अक्सर मेरे साथ मारपीट करता था। करीब तीन साल से हम दोनों के बीच कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है।

सोनी ने बताया- मेरी एक सहेली की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में होनी थी। मैं उसी में शामिल होने आई थी। मैंने देखा कि आकाश मंडप में एक दुल्हन के साथ बैठा है। आकाश के साथ उसके घर-परिवारवाले भी आए थे।

पहली पत्नी बोली- बिना तलाक दूसरी शादी कर रहा था: सोनी ने कहा- मेरा तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। हमारा तलाक हुए बिना आकाश दूसरी शादी कर रहा था। इसीलिए मैंने यह सब देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई। फिर आकाश को कॉलर से पकड़ा और खींचकर थाने ले गई।

बोली- बुलेट की डिमांड करता था पति: सोनी ने बताया- आकाश ने मुझे घर से मार-पीटकर निकाल दिया है। दहेज की डिमांड करता है। बुलेट मांगता है। कहता है कि जब तक गाड़ी नहीं मिलेगी, तब तक तुझे साथ नहीं रखूंगा। जान से मारने की धमकी भी देता है।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया- ?सामूहिक विवाह समारोह में पहले से शादीशुदा युवक के दूसरी शादी करने का मामला है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *