LPG बुकिंग पर बड़ा बदलाव: दो सिलेंडर रखने वालों व उज्ज्वला- ग्रामीण उपभोक्ताओं पर सख्ती

Spread the love

देशभर में एलपीजी सिलेंडर की कमी को देखते हुए गैस कंपनियों ने बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य गैस की सप्लाई को संतुलित रखना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाना है.

बताया जा रहा है कि नए नियम के तहत जिन उपभोक्ताओं के पास दो सिलेंडर (डबल कनेक्शन) हैं, उन्हें अब अगली बुकिंग के लिए 35 दिन का इंतजार करना होगा. पहले यह अवधि 25 दिन थी. यानी अब ऐसे उपभोक्ता पहले से 10 दिन अधिक इंतजार के बाद ही गैस बुक कर सकेंगे.

सिंगल सिलेंडर उपभोक्ताओं को राहत: वहीं जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक सिलेंडर है, उनके लिए नियम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वे पहले की तरह ही पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक कर सकते हैं.

उज्ज्वला योजना लाभार्थियों के लिए कड़ा नियम: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए नियम और सख्त कर दिए गए हैं. अब उन्हें अगली बुकिंग के लिए 45 दिन तक इंतजार करना होगा. इससे साफ है कि इस श्रेणी में गैस वितरण को और नियंत्रित किया जा रहा है.

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ी सख्ती: ग्रामीण इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी 45 दिन का इंतजार अनिवार्य कर दिया गया है. इसके साथ ही डिलीवरी के समय ओटीपी बताना जरूरी होगा. अगर उपभोक्ता ई-केवाईसी पूरी नहीं करता है, तो उसकी बुकिंग रद्द की जा सकती है.

12 सिलेंडर कोटा पूरा होने पर नई प्रक्रिया: सरकार हर वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) के दौरान 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर उपलब्ध कराती है. यदि कोई उपभोक्ता अपना कोटा पूरा कर लेता है, तो अतिरिक्त सिलेंडर के लिए उसे गैस कंपनी के ऐप पर कुछ जानकारी देनी होगी.

परिवार और जरूरत के आधार पर मिलेगा अतिरिक्त सिलेंडर: कंपनियां अब उपभोक्ता से परिवार के सदस्यों की संख्या, मेहमानों की आवक-जावक और किसी बड़े आयोजन की जानकारी लेंगी. इसी आधार पर तय किया जाएगा कि अतिरिक्त सिलेंडर दिया जाए या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *