बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में हंगामा हो गया. एक शख्स ने चिल्लाते हुए कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर भड़कते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘मोदी की बाप भी जाएगा… बाप भी जाएगा मोदी का.’ इस हंगामे के बाद आस पास मौजूद कांग्रेस समर्थकों ने वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाने शुरू कर दिए और प्रदर्शन कर रहे शख्स को भी सभागार से बाहर निकाल दिया गया.
पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाषण दे रहे खरगे ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ऊपर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार मोदी और आरएसएस के इशारे पर काम करते हैं. इसी भाषण के दौरान, सभागार में मौजूद एक व्यक्ति ने हंगामा करना शुरू कर दिया. इस हंगामे को थोड़ी देर देखने के बाद खरगे ने उसकी तरफ ध्यान दिया. इसी दौरान शख्स ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इसका जवाब देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने जोरदार तरीके से फटकार लगाई. उन्होंने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस अनचाहे मेहमान की सभागार में ही पिटाई करनी शुरू कर दी. हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील की.
इस घटना से पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी के ऊपर झूठ बोलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने वादा किया था कि वह अपनी सरकार के 100 दिनों के भीतर काला धन लेकर आएंगे. उन्होंने पूछा कि आखिर वह पैसा कहां है?
RSS की विचारधारा है, तब तक देश में शांति नहीं आएगी- खरगे: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर भी निशाना साधा. उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक देश में संघ की विचारधारा मौजूद है, तब तक शांति नहीं आ सकती. उन्होंने कहा, “जब तक इस देश में संघ की विचारधारा है, शांति नहीं आएगी.” उन्होंने आरोप लगाया कि संघ शुरुआत से ही सांप्रदायिक गतिविधियों में शामिल रहा है.
संघ और भाजपा में छुआ-छूत में विश्वास करने वाले लोग- खरगे: कांग्रेस अध्यक्ष ने हल्द्वानी में हुई शुद्धिकरण की घटना का जिकर करते हुए कहा कि आज भी भाजपा और संघ में ऐसे लोग हैं, जो छुआ-छूत में विश्वास करते हैं. उन्होंने कहा, “8 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के हल्द्वानी में, एक मंदिर के पास बने मंच पर ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान किया गया. आजादी के 80 साल बाद, अगर छुआछूत कायम रहेगी, तो एकता कैसे आएगी?” उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि नीतीश कुमार, जो समाजवाद की विचारधारा लेकर राजनीति में आए थे, आज वह भाजपा और संघ की गोद में जाकर बैठे हैं.
















Leave a Reply