इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला अस्पताल में जमकर हंगामा हो गया. थाना ललपुरा क्षेत्र के सिकरी श्रमदान के पास बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें दबकर एक किशोर की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बाइक सवारों की पिटाई कर दी.
अस्पताल में हुई मारपीट का वीडियो भी सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि मौके पर पहुंची यूपी-112 टीम गंभीर रूप से घायल किशोर को छोड़कर केवल बाइक सवारों को अस्पताल ले आई. उनका कहना था कि यदि घायल किशोर को भी समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी.

मृतक 20 वर्षीय अनुज
ललपुरा थाना क्षेत्र के पौथिया गांव निवासी राजकिशोर का 20 वर्षीय पुत्र अनुज ई-रिक्शा और म्यूजिक सिस्टम चलाने का काम करता है. शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने 15 वर्षीय छोटे भाई अभिषेक के साथ सहुरापुर गांव म्यूजिक सिस्टम लगाने जा रहा था तभी सिकरी श्रमदान के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और उसमें दबकर अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे में बाइक सवार बजेहटा निवासी सगे भाई 27 वर्षीय अजय प्रजापति और 30 वर्षीय ब्रजेश, साथ ही थाना सिसोलर क्षेत्र के भुलसी गांव निवासी उनके मामा का 23 वर्षीय पुत्र राहुल भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
बताया गया कि राहुल और ब्रजेश सूरत जा रहे थे, जिन्हें छोड़ने के लिए अजय बाइक से हमीरपुर आ रहा था. घटना की सूचना पर पहुंची यूपी-112 टीम घायल बाइक सवारों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहीं ई-रिक्शा के नीचे दबे अभिषेक को उसका बड़ा भाई ग्रामीणों की मदद से बाइक से पहले पौथिया अस्पताल ले गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
















Leave a Reply