कानपुर देहात के खोजाफूल गांव के पास नेशनल हाईवे पर राजस्थान के बालाजी से तीर्थयात्रियों को लेकर उन्नाव के शुक्लागंज जा रही टूरिस्ट बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में बस सवार दो यात्रियों गंगागंज निवासी बुजुर्ग कृष्णवीर और रामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।, जिनमें से 10 की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 गंभीर घायलों को मेडिकल रेफर कर दिया गया। सीएचसी में चिकित्सक पूजा गोयल ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद और एसडीएम रिदम आनंद सीएचसी पहुंचे।

उन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली। हादसे के बाद हाईवे पर तेल फैला होने और टूटे पीपे पड़े होने के कारण दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफाई की। सीओ सौरभ वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। थाना प्रभारी सिकंदरा धीरेंद्र कुमार और अमराहट थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
















Leave a Reply