हमीरपुर में शराबी रिक्शा चालक ने घर में लगाई आग, पूरी गृहस्थी ख़ाक; आरोपी मौके से फरार

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले के बिवार थाना क्षेत्र में नशे की हालत में एक ई-रिक्शा चालक द्वारा अपने ही घर का सामान जलाने का मामला सामने आया है. सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया. घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया.

मामला बिवार कस्बे के नई बस्ती मोहल्ले का है. यहां रहने वाला मोहन वर्मा, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक है, रविवार देर रात नशे की हालत में घर की पूरी गृहस्थी का सामान कमरे में इकट्ठा कर उसमें आग लगा दी. घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने पर थाना जलालपुर क्षेत्र की पीआरवी 7020 पर तैनात सिपाही अभिनव कुमार और गार्ड राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से हैंडपंप से पानी भरकर आग बुझाई और बड़ी घटना होने से बचा लिया. पड़ोसियों के मुताबिक मोहन शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे की हालत में विवाद करता था.

उनका कहना है कि रविवार रात भी उसने नशे में अपनी गृहस्थी को आग के हवाले कर दिया. फिलहाल आग लगाने के बाद वह मौके से फरार हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *