हमीरपुर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को गोली मारी, ग्रामीणों ने दबोचा

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला को गोली मार दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है. आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने महिला को बदनीयती से पकड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर तमंचे से फायर कर दिया.

घटना सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सरस्वती(37) पत्नी कमल निषाद पशु बाड़े में जानवरों को चारा डालने गई थीं. इसी दौरान गांव का 56 वर्षीय अर्जुन वहां पहुंच गया और महिला को पकड़ने की कोशिश करने लगा.

विरोध करने पर चलाई गोली: महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी अर्जुन ने तमंचे से फायर कर दिया. गोली महिला के बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

घायल सरस्वती के अनुसार गोली चलाने के बाद आरोपी दोबारा तमंचा लोड करने लगा. इस पर उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर घसीट लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया.

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, कमरे में छिपा आरोपी: महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख आरोपी पास के एक कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.

सूचना मिलने पर सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया.

घायल महिला जिला अस्पताल रेफर: घायल महिला को पहले सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस आरोपी को तमंचे सहित पकड़कर ले गई है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *