हमीरपुर में दबंगों का परिवार पर हमला, घर से घसीट-घसीटकर मारा; 4 घायल

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के लोगों को बाहर घसीटा और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक पूरी ताकत से लाठी बरसाता दिखाई दे रहा है, जबकि दो महिलाएं भी हाथों में डंडा लिए नजर आ रही हैं. इस हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं.

घर में घुसकर की मारपीट: घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के टिकरौली गांव की है. यहां शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर रामबाबू पाल के घर पर हमला किया गया. हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और रामबाबू को घर से घसीटते हुए बाहर ले आए. इसके बाद उसके ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट का शिकार हो गए.

मारपीट में 4 लोगों को गंभीर चोटें आई: घायल रामबाबू पाल ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते रिश्तेदारों ने उनके परिवार पर हमला किया. मारपीट में उनकी मां, पत्नी और बच्चे भी घायल हुए हैं. घायलों में रामबाबू पाल, गीता, संकेत और प्रांजलि शामिल हैं।घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, आरोपियों की तलाश की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *